ब्लिट्ज ब्यूरो
केवडिया। गुजरात के केवड़िया (एकता नगर) स्थित ‘स्टेच्यू ऑफ यूनिटी’ के आसपास पर्यटन और बुनियादी ढांचे को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। इसकी तुलना अक्सर अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित ‘स्टेच्यू ऑफ यूनिटी’ से की जाती है।
हालिया विकास और पर्यटन से जुड़ी अनेक योजनाएं केंद्र और राज्य सरकार ने लागू की हैं जो इस प्रकार हैं-
•नए प्रोजेक्ट्स और निवेश : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एकता नगर (केवड़िया) में ₹426 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया है, जिसमें नए होटल, क्रूज सेवा और बेहतर पर्यटक सुविधाएं शामिल हैं।
•नर्मदा क्रूज सेवा: पर्यटकों के अनुभव को यादगार बनाने के लिए नर्मदा नदी में बड़ी क्षमता (लगभग 600 पर्यटकों वाली) की शानदार क्रूज सेवा शुरू की जा रही है।
•पैदल आवाजाही और लाइटिंग: ‘स्टेच्यू ऑफ यूनिटी’ परिसर में पर्यटकों की आसानी के लिए 282 मीटर लंबे छह नए ट्रैवलेटर और आकर्षक बहुरंगी फसाड लाइटिंग की गई है। • व्यू पॉइंट वन से प्रतिमा तक 2.3 किलोमीटर लंबे रिवर फ्रंट का विकास भी किया जा रहा है।
•बढ़ती लोकप्रियता : सरकारी आंकड़ों के अनुसार, ‘स्टेच्यू ऑफ यूनिटी’ को देखने आने वाले पर्यटकों की दैनिक संख्या अमेरिका के ‘स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी’ से भी अधिक दर्ज की गई है। यहां जंगल सफारी, बच्चों का न्यूट्रीशन पार्क, कैक्टस गार्डन, बटरफ्लाई गार्डन और रिवर राफ्टिंग जैसे कई आकर्षण भी विकसित किए गए हैं।

रेनफॉरेस्ट का दौरा कर अभिभूत हुए पीएम
केवड़िया। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर भारत की राष्ट्रीय एकता में उनके योगदान को पूरा देश याद करता है। इस मौके पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के केवड़िया में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का दौरा किया और देश के पहले उप-प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी। एकता नगर के दौरे के दौरान, पीएम मोदी ने रेनफॉरेस्ट का भी जिक्र किया और पर्यटकों को वहां की हरियाली और अनोखे अनुभवों का आनंद लेने के लिए प्रोत्साहित किया। X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए, उन्होंने स्काईवॉक की ओर ध्यान दिलाया, जहां से पर्यटक ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का नजारा देख सकते हैं।
उन्होंने लिखा, केवड़िया के एकता नगर स्थित रेनफॉरेस्ट में आपका एक शानदार अनुभव इंतजार कर रहा है! वहां की हरियाली और प्रकृति की सुंदरता में खो जाएं। वहां का स्काईवॉक एक खास आकर्षण है, जो आपको एक अनोखा अनुभव देगा। वहां से आप भव्य ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के अद्भुत नज़ारों का आनंद ले सकते हैं।

एकता नगर रेनफॉरेस्ट 12 एकड़ में फैला है, जहां कृत्रिम बारिश के जरिए मानसून जैसा माहौल बनाया गया है।
‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के पास स्थित यह जगह पर्यटकों को प्रकृति के करीब लाती है। यहां एक गोलाकार ग्लास स्काईवॉक, कृत्रिम बारिश और चारों तरफ फैली हरियाली है।













