ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली।खजूर के पेड़ कितने ऊंचे होते हैं, इतने कि एक निगाह में इन्हें देख ही न पाओ। मगर तमिलनाडु और साउथ इंडिया के बाकी क्षेत्रों में ये पेड़ रोजगार का जरिया हैं। इन पर चढ़ना लोगों के लिए जरूरत है। मगर एक उम्र के बाद इन पर चढ़ना मुश्किल हो सकता है। गिरने पर गंभीर चोटें भी आ सकती हैं। इसलिए एक किसान ने पेड़ पर ही सीढ़ियां लगवा दी हैं। ये आइडिया कई दूसरे लोगों के लिए भी काम का साबित हो रहा है।
पेड़ पर सीढ़ी लगवाने का आइडिया मामूली नहीं है। ये आम बात नहीं है। इसलिए जैसे ही पेड़ पर सीढ़ी लगने का वीडियो आया, ये वायरल हो गया। ये सीढ़ियां लोहे की हैं और इन पर बच्चों के साथ बड़े-बुजुर्ग भी चढ़ सकते हैं वो भी 55 फीट तक।
ये आइडिया सलाईपुथुर गांव के दिनाकर का है जो सालों से इस काम में हैं। उनका परिवार पलमायरा उद्योग में कई पुश्तों से काम कर रहा है। उनके पिता भी यही करते थे। मगर बढ़ती उम्र में उनके लिए इस पेड़ पर चढ़ना कठिन हो गया तो 70 साल के पिता के लिए बेटे ने सीढ़ियां लगवा दीं। हालांकि ये सीढ़ी बाकियों के लिए भी पेड़ पर चढ़कर फल निकालना आसान बना रही हैं। बेटे के इस इंजीनियरिंग कौशल की सभी तारीफ कर रहे हैं। इसे बनाने में दिनाकर के 60000 रुपए खर्च हुए हैं।
मगर वो मानते हैं कि अगले कुछ सालों में ये खूब काम आएंगी और ये खर्च निकल आएगा।
क्यों चढ़ते हैं पेड़ पर
खजूर के पेड़ के फलों को विभिन्न उत्पादों में इस्तेमाल किया जाता है। इसलिए पेड़ पर चढ़ना आजीविका के लिए जरूरी है। समय के साथ कुशल क्लाइमबर्स कम ही मिलते हैं। इसलिए भी ये सीढ़ियां रोजगार में मददगार हैं।











