ब्लिट्ज ब्यूरो
सिरसा। बाल विवाह मुक्त समाज अभियान के तहत सिरसा देश का पहला ऐसा जिला बनने जा रहा है, जहां गांव में शादी से पहले दूल्हा-दुलहन की उम्र के आधिकारिक दस्तावेज पंचायत के पास जमा कराने होंगे। पंचायत के पास हर विवाह का रिकॉर्ड रहेगा और जन्म प्रमाण पत्र के जरिए उम्र का सत्यापन किया जाएगा।
‘सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन’ और ‘जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन’ के संयुक्त प्रयास से चल रहे अभियान का जिला प्रशासन ने भी साथ दिया है। हर ग्राम पंचायत में विवाह पंजीकरण रजिस्टर बनेगा। इसमें पंचायत क्षेत्र में होने वाले विवाह का विवरण दर्ज होगा। बाल विवाह रोकने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने बाल विवाह की रोकथाम के लिए अलग से नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इससे प्रशासनिक स्तर पर भी निगरानी व जवाबदेही तय होगी। पंचायतों, ग्राम सचिवों और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से संभावित बाल विवाह की जानकारी जुटाने व समय रहते कार्रवाई की जा सकेगी।













