पथनमथिट्ठा : वार्षिक मंडलम-मकरविलक्कू तीर्थयात्रा सत्र की शुरुआत से कुछ हफ्ते पहले अरीक्कारा सुब्रमण्यम शंकरन नंबूथिरी को सबरीमला भगवान अयप्पा मंदिर के नए ‘मेलशांति’ (मुख्य पुजारी) के रूप में चुना गया है। सबरीमला मंदिर से करीब 100 मीटर दूर स्थित मलिकप्पुरम देवी मंदिर के नए मुख्य पुजारी के रूप में ए दामोदरन नंबूदरी को चुना गया है। अधिकारियों के अनुसार, सुबह की पूजा के बाद पर्ची निकालकर चयन किया गया। मुख्य पुजारी पद के लिए सात नामों पर विचार किया गया था।
तिरुवनंतपुरम निवासी शंकरन नंबूदरी वर्तमान में राज्य की राजधानी स्थित पझावंगडी गणपति मंदिर के मुख्य पुजारी हैं। कोझिकोड जिले के वडकरा के रहने वाले दामोदरन नंबूदरी वर्तमान में पय्योली के कीझूर स्थित भगवान शिव मंदिर के मुख्य पुजारी हैं।
दोनों 16 नवंबर को एक साल के लिए कार्यभार संभालेंगे। इसके एक दिन बाद मंडलम-मकरविलक्कु तीर्थयात्रा सत्र के लिए सबरीमला मंदिर के कपाट खोले जाएंगे। शंकरन नंबूदरी ने पत्रकारों से बातचीत में अपने चयन पर खुशी जताई और कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि इस बार उनका चयन होगा।
शंकरन नंबूदरी ने कहा कि पिछले साक्षात्कारों में सूची में उनका नाम अंत में आता था लेकिन इस बार सबसे पहले आया। उन्होंने अपने चयन का श्रेय पझावंगडी गणपति मंदिर के भगवान गणपति को दिया जहां वह पिछले पांच वर्ष से मेलशांति के रूप में सेवा दे रहे हैं।














