जयपुर। राजस्थान की ब्यूरोक्रेसी में टीना डाबी और रिया डाबी के बाद एक और सगी आईएएस बहनों की जोड़ी शामिल हो गई है। ये सगी बहनें हैं मंजू राजपाल और अंजू राजपाल। मंजू राजपाल वर्ष 2000 बैच की आईएएस अफसर हैं जबकि उनकी छोटी बहन अंजू राजपाल प्रमोशन पाकर अब आईएएस बन गई हैं। दिल्ली कार्मिक विभाग द्वारा जारी 16 नए आईएएस की सूची में अंजू राजपाल भी आईएएस के रूप में पदोन्नत हुईं ं। इस तरह राजस्थान में आईएएस बहनों की जोड़ियां 1 से बढ़कर 2 हो गई हैं। मंजू राजपाल फिलहाल प्रिंसिपल सेक्रेटरी हैं और अंजू उनकी छोटी बहन हैं। अंजू अपने आरएएस बैच में पांचवीं रैंक के साथ महिला वर्ग में टॉपर रही थीं। मंजू और अंजू की जोड़ी अब पूरे प्रदेश में चर्चा का केंद्र बनी हुई है।
सुशीला की 4 बेटियों में तीन बड़ी अफसर बनीं
चूरू की सुशीला राजपाल ने अपनी चार बेटियों में से तीन बेटियों को बड़ा अफसर बनाया। सबसे बड़ी बेटी सुनीता कॉपरेटिव बैंक में सीनियर मैनेजर है। दूसरी बेटी मंजू सीनियर आईएएस अफसर बनीं और तीसरी अंजू भी अब आरएएस अफसर से आईएएस बन गई हैं। सुशीला राजपाल खुद छठी तक पढ़ी थीं लेकिन बेटियों को पढ़ाने के लिए उन्होंने अपने सपनों और अपनी ख्वाहिशों की आहुति दे दी। पिता का शहर में ही जनरल स्टोर था। चूरू की सरकारी स्कूलों में ही शुरुआती शिक्षा ली। सभी बहनों ने सेल्फ स्टडी के दम पर ही सफलता हासिल की। परिवार में ऐसा कोई नहीं था, जो गवर्नमेंट जॉब में हो।
टीना डाबी और रिया डाबी
राजस्थान कैडर की आईएएस अधिकारी डाबी सिस्टर्स युवाओं के लिए यूथ आइकन हैं। दोनों लोगों के सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोवर हैं। बड़ी बहन टीना डाबी वर्ष 2016 बैच की जबकि छोटी बहन रिया डाबी वर्ष 2021 बैच की आईएएस हैं। बड़ी बहन टोंक की कलेक्टर हैं जबकि छोटी बहन मुख्यमंत्री की विशेषाधिकारी हैं। ये दोनों बहनें हमेशा अपने शानदार काम को लेकर चर्चा में भी रहती हैं। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2015 की टॉपर टीना ने सिर्फ यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में ही नहीं बल्कि उसके बाद होने वाली आईएएस ट्रेनिंग में भी उन्होंने पहली रैंक हासिल की थी। इसके लिए उन्हें प्रेजिडेंट ऑफ इंडिया गोल्ड मेडल से नवाजा गया था।
यूपीएससी टॉपर रहीं टीना डाबी ने 2018 में अतहर आमिर खान से लव मैरिज की थी। अतहर आमिर यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2015 के सेकेंड टॉपर थे लेकिन यह शादी ज्यादा समय तक टिक नहीं सकी। 2020 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद 2022 में टीना डाबी ने आईएएस अधिकारी प्रदीप गंवाडे के साथ दूसरा शादी की। प्रदीप गंवाडे की यह पहली शादी थी। वर्ष 2003 में टीना डाबी मां बनीं।
रिया डाबी ने यूपीएससी सीएसई 2020 के एग्जाम में 15वीं रैंक हासिल की थी। रिया डाबी ने आईपीएस मनीष कुमार से शादी की थी। वह वर्तमान में राजस्थान के डुंगरपुर के एसपी हैं। मनीष कुमार को महाराष्ट्र कैडर मिला था, लेकिन रिया डाबी से उनकी शादी के बाद उन्होंने अपना कैडर चेंज करवाकर राजस्थान ले लिया था।
दोनों जोड़ियों की छोटी बहनों की पोस्टिंग सीएम ऑफिस में
आईएएस सिस्टर्स की इन दोनों जोड़ियों में एक खास बात और है। दोनों जोड़ियों में छोटी बहनें इन दिनों मुख्यमंत्री कार्यालय में कार्यरत हैं। टीना डाबी की छोटी बहन रिया डाबी मार्च 2026 से मुख्यमंत्री की विशेषाधिकारी हैं जबकि मंजू राजपाल की छोटी बहन अंजू राजपाल फरवरी 2024 से मुख्यमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव के रूप में कार्यरत हैं।














