ब्लिट्ज ब्यूरो
हैदराबाद। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के नंदीगामा क्षेत्र में स्थित मेधा रेल कोच कलपुर्जा निर्माण सुविधा स्थल का निरीक्षण किया। 375 एकड़ भू-भाग में फैली यह विशाल औद्योगिक इकाई रेलवे के आधुनिकीकरण में महत्वपूर्ण प्रगति को प्रदर्शित करती है। अपनी यात्रा के दौरान श्री वैष्णव ने ‘मेक इन इंडिया’ पहल के एक महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में निजी क्षेत्र के उद्यमों को बढ़ावा देने संबंधी सरकार की वचनबद्धता पर बल दिया।
इस दौरे के दौरान श्री वैष्णव ने कलपुर्जा विनिर्माण प्रक्रिया का निकटता से अवलोकन किया। उन्होंने श्रमिकों से बातचीत भी की। श्री वैष्णव ने उनके तकनीकी कौशल, परिचालनगत कार्यप्रवाह, इस सुविधा द्वारा अपनाई गई समग्र विनिर्माण कार्यपद्धति के बारे में पूछताछ की। उन्होंने मेधा संगठन द्वारा हाल ही में विकसित उन्नत चालकविहीन वाहन का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान रेल मंत्री वैष्णव के साथ केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी, तेलंगाना के भाजपा अध्यक्ष रामचंद्र राव और सांसद कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी जैसे प्रमुख नेता तथा विनिर्माण कंपनी के कई प्रतिनिधि भी मौजूद थे।











