पुणे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के आईटी हब पुणे का एक बड़ा इंतजार खत्म कर दिया। सीएम देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे- सुनेत्रा पवार की मौजूदगी में पिंक लाइन का शुभारंभ हुआ। मेट्रो सेवा उद्घाटन के बाद अगले ही दिन से यह आम लोगों के लिए उपलब्ध हो गई। डिप्टी सीएम और पुणे की प्रभारी मंत्री सुनेत्रा पवार ने सीएम फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ पिंक लाइन पर सफर किया। सुनेत्रा पवार ने इस लाइन के शुभारंभ पर कहा कि अजित दादा का सपना पूरा हुआ। सुनेत्रा पवार ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा है मेट्रो को चलाने वाली वाली महिला ऑपरेटर को सावित्री बाई की बेटियों की संज्ञा दी।
पुणे मेट्रो लाइन 3 देश की पहली ऐसी मेट्रो लाइन होगी जिसका संचालन पूरी तरह से महिलाओं द्वारा किया जाएगा। स्टेशनों पर काम करने वाले कर्मचारियों में भी महिलाओं की संख्या सबसे अधिक होगी। बड़ी बात यह है कि जिस शहर में क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले ने लड़कियों के लिए शिक्षा के द्वार खोले थे, उसी शहर में अब उनकी बेटियां मेट्रो का संचालन करेंगी और उनके नाम पर रखे गए स्टेशनों से यात्रा करेंगी। यह सावित्रीबाई को एक सच्ची श्रद्धांजलि है। सुनेत्रा पवार ने कहा कि पुणे के विकास के लिए माननीय अजितदादा के विजन को साकार होते देखना बड़े गर्व की बात है। इस पूरी परियोजना की शुरुआती परिकल्पना से लेकर फंडिंग जुटाने, मंजूरियां प्राप्त करने और इसके वास्तविक क्रियान्वयन की देखरेख तक अजित दादा का योगदान अमूल्य रहा है।
‘दादा’ की विकास की कल्पना
मुझे पूरा विश्वास है कि ‘दादा’ के द्वारा कल्पना की गई विकास की यह यात्रा आगे भी जारी रहेगी। ‘दादा’ की दूरदर्शिता से उपजी यह परिकल्पना आज हकीकत बन गई है। आज पुणे मेट्रो लाइन 3 (पिंक लाइन) पर एक सुखद यात्रा रही जिसमें महिला मेट्रो ऑपरेटर सावित्रीबाई की बेटियां साथ थीं। यह एक गर्व का अनुभव है, जो आधुनिक विकास को महिला सशक्तिकरण के साथ जोड़ता है।
– सुनेत्रा पवार, डिप्टी सीएम













