ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान में हाल ही में संपन्न एशियन पैरा गेम्स के पदक विजेता भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के संघर्ष और उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि वे पूरे देश के लिए प्रेरणा हैं।
भारत ने आइची-नागोया में आयोजित इन खेलों में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। भारतीय पैरा एथलीटों ने कुल 114 पदक जीते, जिनमें 30 गोल्ड, 35 सिल्वर और 49 ब्रॉन्ज मेडल शामिल रहे। इस प्रदर्शन में 97 भारतीय पैरा एथलीटों का योगदान रहा।
इस कार्यक्रम में खेल मंत्री मनसुख मांडविया और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे भी मौजूद रहे। दो-दो गोल्ड मेडल जीतने वाली बिना हाथों की तीरंदाज शीतल देवी और दृष्टिबाधित धाविका सिमरन ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा, ‘आपका संघर्ष और आपकी उपलब्धियां हर भारतीय को प्रेरित करती हैं। पहले माता-पिता अपने बच्चों को खेलों में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करने से डरते थे।
लोग कहते थे कि इस व्यवस्था में कुछ नहीं हो सकता, जो प्रतिभाओं का साथ नहीं देती लेकिन जिस तरह आपने हार नहीं मानी, उसी तरह हमने भी अपने लक्ष्य पर ध्यान बनाए रखा।
पीएम से मिले सूर्यकुमार
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले। वे पत्नी देविशा, बेटी रिद्धिमा और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दिल्ली पहुंचे थे।
इस मुलाकात में सूर्या ने 2026 टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत का गोल्ड मेडल पहना हुआ था। प्रधानमंत्री ने मेडल को हाथ में लेकर भी देखा। मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किए।














