ब्लिट्ज ब्यूरो
कानपुर। कानपुर के साधारण परिवार से आने वाली निशी गुप्ता की कहानी असाधारण है। उन्होंने साबित किया कि अगर बेटियों को मौका दिया जाए तो वे जज की कुर्सी पर बैठकर समाज के लिए अहम फैसले भी ले सकती हैं। निशी ने यूपी पीसीएस जे 2022 परीक्षा में पहली रैंक लाकर पूरे राज्य में टॉप किया था। आज वह उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में सिविल जज हैं।
भारत में अक्सर घर की जिम्मेदारियां और शादी बेटियों के सपनों के आड़े आ जाती हैं। कानपुर की निशी गुप्ता भी उन्हीं में से एक थीं लेकिन फर्क सिर्फ इतना था कि यहां समाज के तानों और बेटी की सफलता के बीच उनके पिता दीवार बनकर खड़े थे। यही वजह निशी की सक्सेस स्टोरी देश की उन अनगितन बेटियों के लिए मिसाल है, जो विपरीत हालातों में भी आगे बढ़ने का सपना देख रही हैं।
निशी गुप्ता, उत्तर प्रदेश में कानपुर के मध्यमवर्गीय परिवार से आती हैं। उनकी परवरिश एक साधारण जॉइंट फैमिली में हुई। उनके पिता पान की दुकान चलाते हैं। निशी ने अपना बचपन आर्थिक तंगहाली के बीच बिताया, जहां स्कूल की फीस और किताबें लेना भी चुनौती थी। उन्होंने अपनी स्कूलिंग कानपुर से ही पूरी की।
12वीं के बाद लॉ फील्ड में करियर बनाने सपना
बचपन से पढ़ाई में होशियार निशी की स्कूलिंग एक हिंदी मीडियम स्कूल से हुई है। आगे चलकर यही उनकी एक कमजोरी बन गई। उन्होंने स्कूल के दिनों में ठान लिया था कि वे 12वीं के बाद लॉ फील्ड में जाएंगी। लेकिन हिंदी मीडियम बैकग्राउंड के चलते उन्हें कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ा। निशी ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से एलएलबी और एलएलएम की डिग्री हासिल की।
निशी अपने परिवार में लीगल फील्ड में जाने वाली पहली थीं। उनके परिवार में कोई भी लीगल बैकग्राउंड से नहीं था, इसलिए उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर अपना रास्ता खुद बनाया।
निशी एक ऐसे समाज से आती हैं, जहां माना जाता है कि 12वीं तक पढ़ाने के बाद लड़की की शादी कर देनी चाहिए। उनकी बड़ी बहन के साथ भी यही हुआ था। महज 23 साल की उम्र में निशी की बड़ी बहन की शादी हो गई थी लेकिन छोटी बेटी को पढ़ाने के लिए पिता ने हर ताने को नजरअंदाज कर दिया। उन्होंने समाज के दबाव और रिश्तेदारों के ताने सहते हुए भी बेटी को आगे बढ़ने का समय दिया।
ऐसे की पढ़ाई
आर्थिक तंगी के चलते किताबें लेना भी निशी के लिए एक बड़े टास्क से कम नहीं था। उन्हें बहन की किताबों से पढ़ाई करनी पड़ती थी। तैयारी के दौरान उन्होंने स्टडी पार्टनर के साथ मिलकर पढ़ाई की, जिसने उन्हें हार न मानने की ताकत दी।
निशी का मानना है कि जुडिशरी एग्जाम के लिए ‘3-आर’ फार्मूला सबसे प्रभावी है- रिपीटेशन, रिटेंशन और रीप्रोडक्शन। उन्होंने अपनी इंग्लिश सुधारने पर भी बहुत काम किया ताकि वे कानूनी शब्दों को बेहतर समझ सकें। निशी का जज बनने का सफर आसान नहीं था।













