ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। फीफा विश्व कप 2026 में ब्राजील का छठी बार विश्व चैंपियन बनने का सपना राउंड ऑफ 16 में ही टूट गया। नॉर्वे ने रोमांचक मुकाबले में पांच बार की विश्व विजेता टीम को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। हार के कुछ ही देर बाद ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर नेमार ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने का एलान कर दिया। इसके साथ ही ब्राजील फुटबॉल के एक यादगार दौर का भी अंत हो गया। मैच के बाद भावुक नेमार ने अपने फैसले की घोषणा करते हुए कहा, ‘मैंने पूरी कोशिश की। अब सब खत्म हो गया। मैंने यहीं से शुरुआत की थी और यहीं मेरा सफर खत्म हुआ।’
हालंद के 2 गोलों ने तोड़ी ब्राजील की उम्मीदें
मेटलाइफ स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में ब्राजील ने शुरुआत से ही दबाव बनाया, लेकिन नॉर्वे का मजबूत डिफेंस उसके सामने दीवार बनकर खड़ा रहा। 79वें मिनट में आंद्रेस स्केजलडेरप के शानदार क्रॉस पर एरलिंग हालंद ने हेडर के जरिए गोल कर नॉर्वे को बढ़त दिलाई। इसके कुछ ही मिनट बाद हालंद ने अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया और ब्राजील की मुश्किलें बढ़ा दीं। अतिरिक्त समय के 10वें मिनट में नेमार ने पेनल्टी को गोल में बदला, लेकिन यह केवल हार का अंतर कम कर सका। नॉर्वे ने 2-1 से जीत दर्ज कर पहली बार फीफा विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।












