ब्लिट्ज ब्यूरो
काठमांडो। नेपाल के पूर्व पीएम व नेपाली कांग्रेस (नेकां) के नेता शेर बहादुर देउबा ने देश में सनातन धर्म को नई राष्ट्रीय पहचान देने का फैसला किया है। इससे नेपाल को हिंदू राष्ट्र बनाने की घोषणा बलवती हुई है। देउबा नेतृत्व में नेकां गुट के 14वें राष्ट्रीय सम्मेलन में इसे आगे बढ़ाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
देउबा के इस बयान से सियासी माहौल गरमा गया है। हालांकि, प्रस्ताव में हिंदू, बौद्ध, किरात व प्रकृति-आधारित धार्मिक परंपराओं के संरक्षण समेत सभीधर्म समुदायों की आजादी, सहिष्णुता व सामाजिक सद्भाव पर भी जोर दिया गया। सम्मेलन के समापन समारोह में देउबा ने ‘मैं हिंदू हूं’ के नारे के साथ अपनी राजनीति की दिशा स्पष्ट कर दी। उन्होंने कहा, मैं किसी का विरोधी नहीं हूं लेकिन मुझे यह कहने का अधिकार हो कि मैं हिंदू हूं।
इस बयान को सनातन पहचान पर चल रही बहस के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नेपाली कांग्रेस के दूसरे गुट को पारित प्रस्तावों पर आपत्ति है। प्रवक्ता विनोद चालिसे ने कहा, सम्मेलन में हुए काम और बयानों पर पार्टी की नजर है।
ये हैं पारित प्रस्ताव
15वें महाधिवेशन का आयोजन देउबा के नेतृत्व में हो
राष्ट्रीय एकता, लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी ताकतों से संवाद किया जाए
जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप संविधान में आवश्यक संशोधन
सनातन धर्म के साथ हिंदू, बौद्ध और किरात परंपराओं का संरक्षण करने पर जोर
प्रस्तावों को अंतिम रूप देगी एनपी साउद समिति।














