ब्लिट्ज ब्यूरो
चेन्नई। तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की अगुवाई वाली सरकार ने स्कूलों के पाठ्यक्रम को बेहतर बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने एक अहम फैसले में इसरो वैज्ञानिक डॉ. माइलस्वामी अन्नादुरई को स्कूली शिक्षा पाठ्यक्रम डिज़ाइन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसरो के पूर्व वैज्ञानिक अन्नादुरई को ‘मून मैन’ के तौर पर जाना जाता है। अन्नादुरई अब साइंस, टेक्नोलॉजी और एआई पर फोकस करते हुए तमिलनाडु के स्कूल सिलेबस को डिजाइन करेंगे। अब अन्नादुरई राज्य के 1.3 करोड़ से ज्यादा छात्रों के लिए सिलेबस को आधुनिक बनाने की अगुवाई करेंगे।
तमिलनाडु सरकार के फैसले के अनुसार अन्नादुरई स्कूल शिक्षा के लिए करिकुलम डिजाइन कमेटी के चेयरमैन के तौर पर तीन साल तक काम करेंगे। अन्नादुरई की छवि काफी अच्छी है।
कहां के रहने वाले हैं अन्नादुरई
अन्नादुरई पोलाची के कोथावाड़ी के रहने वाले हैं।उन्होंने भारत के अहम स्पेस मिशनों का नेतृत्व किया है। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई पोलाची के पास सरकारी स्कूलों में की। उन्होंने कोयंबटूर के गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन में बीई, पीएसजी कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी से एमई और अन्ना यूनिवर्सिटी से पीएचडी की है। वह 1982 में इसरो में शामिल हुए। जहां 36 सालों में कई अहम पदों पर काम किया। 60 से ज्यादा सैटेलाइट्स में योगदान दिया। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इसका मकसद छात्रों में क्रिटिकल थिंकिंग, एआई जैसे स्किल्स और साइंस और टेक्नोलॉजी में मजबूत आधार पर जोर देना है।













