ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। हाथ में गोल्ड मेडल था। आगे डॉक्टर बनने का रास्ता खुला था। फिर भी मुद्रा गैरोला के दिल में एक कसक बाकी थी। वो कसक थी पिता के उस सपने की जो 1973 में अधूरा रह गया था। उत्तराखंड की इस बेटी ने मेडिकल करियर को पीछे छोड़ा और चार बार नाकाम होने के बाद भी हार नहीं मानी। पांचवीं कोशिश में आखिरकार वो आईएएस अफसर बन गईं ं।
मुद्रा चमोली जिले के कर्णप्रयाग की रहने वाली हैं। उनका परिवार अब दिल्ली में रहता है। पढ़ाई में वो बचपन से ही सबसे आगे रहीं। क्लास में हमेशा अव्वल आईं। दसवीं में 96 फीसदी नंबर लाईं और बारहवीं में 97 फीसदी। स्कूल के दिनों में उन्हें देश की पहली महिला आईपीएस अफसर किरण बेदी के हाथों सम्मान भी मिला। उस उम्र में शायद किसी को अंदाजा नहीं था कि यही लड़की एक दिन खुद वर्दी और कुर्सी तक पहुंचेगी।
डेंटल कॉलेज में गोल्ड मेडल
स्कूल के बाद मुद्रा ने डेंटल की राह पकड़ी। महाराष्ट्र के मेडिकल कॉलेज से बीडीएस की पढ़ाई की और गोल्ड मेडल जीता। यहां भी उन्होंने साबित कर दिया कि मेहनत के आगे कुछ नहीं टिकता। ग्रेजुएशन पूरी होने के बाद वो दिल्ली आईं और एमडीएस में दाखिला ले लिया। करियर पटरी पर था। आगे सब कुछ साफ दिख रहा था।
पिता की ख्वाहिश बनी जिद
घर में एक पुरानी बात हमेशा गूंजती थी। मुद्रा के पिता अरुण गैरोला का सपना था कि वो आईएएस अफसर बनें। पिता ने 1973 में यूपीएससी की परीक्षा दी थी पर कामयाब नहीं हो पाए। ख्वाहिश अधूरी रह गई। बेटी ने इस अधूरेपन को बहुत करीब से महसूस किया। उन्होंने फैसला लिया कि पिता का ये सपना वो पूरा करेंगी। एमडीएस का कोर्स बीच में ही छोड़ दिया और सिविल सेवा की तैयारी में जुट गईं। ये फैसला आसान नहीं था। एक पक्की राह छोड़कर अनिश्चित राह चुनना बड़ा जोखिम था।
चार बार मिली नाकामी
तैयारी का सफर उम्मीद से कहीं ज्यादा कड़ा निकला। 2018 में मुद्रा पहली बार परीक्षा में बैठीं और इंटरव्यू तक पहुंचीं। मगर अंतिम सूची में नाम नहीं आया। अगले साल 2019 में फिर कोशिश की। नतीजा वही रहा। 2020 में भी किस्मत ने साथ नहीं दिया। तीन साल की मेहनत और तीन बार निराशा। कोई भी टूट सकता था। पर मुद्रा रुकी नहीं।
2021 में उनकी मेहनत ने रंग दिखाया। मुद्रा ने 165वीं रैंक हासिल की और आईपीएस सेवा चुनी। ये बड़ी कामयाबी थी। लाखों उम्मीदवार जिस मुकाम का सपना देखते हैं वो उन्हें मिल चुका था लेकिन उनकी मंजिल अब भी थोड़ी दूर थी। पिता का सपना आईएएस का था। इसलिए 2022 में मुद्रा ने एक बार फिर परीक्षा दी। ये उनकी पांचवीं कोशिश थी। इस बार उन्होंने 53वीं रैंक पाई और आईएएस अफसर बन गईं।
इस कहानी से क्या मिलता है सबक
मुद्रा की कहानी बताती है कि हर नाकामी आखिरी नहीं होती। उन्होंने पहली कोशिश से लेकर पांचवीं तक सिर्फ एक चीज पकड़े रखी और वो थी अपना लक्ष्य। गोल्ड मेडल वाली डॉक्टर के लिए कोई भी आसान रास्ता चुनना मुश्किल नहीं था। पर उन्होंने कठिन रास्ता चुना। खाली वक्त में उन्हें ट्रेकिंग पसंद है और वो पहाड़ों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करती रहती हैं। शायद पहाड़ की बेटी को चढ़ाई से डर लगता ही नहीं। यूपीएससी की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं के लिए मुद्रा गैरोला एक मिसाल हैं।













