ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली।मछली पालन का व्यवसाय ग्रामीण स्तर पर आजीविका का बेहतर स्रोत बन गया है। खेती बाड़ी के साथ मत्स्य पालन में हर वर्ग के लोग जुड़ते जा रहे हैं। बिहार के जहानाबाद जिले में भी इसका व्यापक असर देखने को मिल सकता है। कुछ किसानों का मानना है कि कृषि कार्य से कहीं ज्यादा मुनाफा मछली पालन से प्राप्त होने लगा है। यही वजह है कि आमलोग भी इस क्षेत्र की ओर अपना कदम बढ़ा चुके हैं। इसी कड़ी में जिले के मखदुमपुर के रहने वाले देव शरण प्रसाद ने आधुनिक मछली फर्म की शुरुआत की है। वो करीब एक एकड़ 14 डेसिमल में मछली पालन कर रहे हैं और उनका फार्म पूरी तरह हाई टेक है।
दरअसल, देव शरण मत्स्य पालन में आने से पहले आंध्र प्रदेश में काम कर रहे थे। उसी बीच वहां इंटीग्रेटेड फिश फार्मिंग देखा और जब घर लौटा तो शुरू कर दिया काम। 3 साल पहले मछली पालन के लिए तालाब खुदवाया। उसमें अभी 4 प्रकार की मछलियां पाल रहे हैं। झींगा पालन के लिए भी जिले में चयन हुआ है और वो इस वर्ष से इसकी शुरुआत कर रहे हैं। खास बात यह नहीं है कि वो मछली पालन कर रहे हैं, विशेष तो यह है कि जिस प्रकार से वो मत्स्य पालन कर रहे हैं, देखने लायक है।
देव शरण कहते हैं, “यह इंटीग्रेटेड फिश फार्म मॉडर्न फार्म है। इसमें हम 5 प्रकार का व्यवसाय शुरू करने जा रहे हैं, जिसमें मछली, झींगा, बकरी, गाय, मुर्गी और बटेर पालन शामिल है। सिर्फ डेढ़ एकड़ जमीन में हम ऐसा कार्य करेंगे। अब तक 10 लाख रुपए इस पूरे प्रोजेक्ट में लगा चुके हैं और चूंकि फार्म बिल्कुल हाई टेक है और सुनसान इलाके में है तो उसकी सुरक्षा भी सर्वोपरि है।
हमने सुरक्षा के दृष्टिकोण से अब तक 5 सीसीटीवी कैमरे फार्म में इंस्टॉल करवा लिए हैं और 16 लगाने का लक्ष्य है। सभी 16 कैमरे फार्म में लाकर रखे हुए हैं। अब जैसे झींगा और मुर्गी फार्म शुरू होगा, बाकी सभी 11 कैमरे भी लगा दिए जाएंगे।
देव शरण, आधुनिक फिश फार्मिंग के उद्देश्य शेयर करते हुए कहते हैं कि हमारा उद्देश्य न सिर्फ मछली पालन करना है, बल्कि ऐसा उद्योग करना है जो बिल्कुल अलग हो। हर कोई एक ही चाल से चल रहा है, हम भी उस भीड़ में शामिल होंगे तो कितनी कमाई हो सकती है। यदि थोड़ा अलग करते हैं तो पहचान भी अलग होगी और कमाई भी अलग होगी।
एक खेत में एक कार्य होता तो एक आमदनी प्राप्त होती, लेकिन हमने इसे मल्टीपल में बदला है और उम्मीद है कि 5 तरफ से कमाई होगी। हम अन्य किसानों से अपील करना चाहेंगे कि आप कार्य किसी भी क्षेत्र के लिए करें, लेकिन थोड़ा हटकर करें। तभी दौलत और शोहरत दोनों मिल सकते हैं।












