नई दिल्ली। भारत ने संयुक्त राष्ट्र के मंच से एक बार फिर पाकिस्तान को कड़ा जवाब दिया है। भारत ने जम्मू-कश्मीर को लेकर पाकिस्तान के दावों को सिरे से खारिज करते हुए यह साफ कहा है कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा।
भारत ने संयुक्त राष्ट्र के मंच से पाकिस्तान के जम्मू-कश्मीर पर दावों को पूरी तरह खारिज किया है। सांसद महिमाकुमारी ने पाकिस्तान पर यूएन मंच का दुरुपयोग कर झूठे दावे फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने पाकिस्तानी सेना और उसके गुटों द्वारा निर्दोष नागरिकों की हत्या, मानवाधिकार उल्लंघनों और आतंकवाद को बढ़ावा देने की निंदा की। महिमाकुमारी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अविभाज्य हिस्सा था, है और रहेगा।
सांसद महिमाकुमारी ने संयुक्त राष्ट्र की चौथी समिति में ‘डिकोलोनाइज़ेशन’ एजेंडा आइटम पर पाकिस्तान के प्रतिनिधि के बयान का जवाब देते हुए भारत का पक्ष रखा।
उन्होंनेे कहा कि यह अफसोसजनक है कि पाकिस्तान भारत के केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के बारे में गलत सूचनाएं फैलाने के लिए संयुक्त राष्ट्र के मंच का बार-बार इस्तेमाल करता है।
उन्होंने साफ कहा कि पिछले कुछ महीनों में पाकिस्तानी सेना और उसके प्रॉक्सी यानी गुटों ने दर्जनों निर्दोष नागरिकों की हत्या की है जो अपने बुनियादी अधिकारों, आजादी और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए आवाज उठा रहे थे।
पाकिस्तान पर तीखा हमला बोलते हुए सांसद महिमाकुमारी ने कहा कि सैन्य तानाशाही, दिखावटी चुनाव, लोकप्रिय निर्वाचित नेताओं को जेल में डालने, धार्मिक कट्टरपंथ और सरकारी नीति के तौर पर आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले पाकिस्तान को संयुक्त राष्ट्र के मंच पर उपदेश देने से बचना चाहिए।














