ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। देश में महंगाई, ऊंची ब्याज दरों और दुनिया में चल रहे तनाव के बावजूद लोगों ने अक्टूबर में जमकर खरीदारी की। त्योहारी सीजन में बाजार में रौनक रही। इसका असर जीएसटी कलेक्शन, कारों की बिक्री, डिजिटल पेमेंट और बिजली की खपत के आंकड़ों में भी दिखा। अक्टूबर में देश का जीएसटी कलेक्शन पिछले साल के मुकाबले 22.9% बढ़कर 2.31 लाख करोड़ रुपए हो गया। पिछले साल इसी महीने यह करीब 1.88 लाख करोड़ रुपए था। यह बढ़ोतरी बताती है कि त्योहारी सीजन में बाजार में खरीदारी अच्छी रही।
कारों की बिक्री 5.30 लाख यूनिट तक पहुंची
अक्टूबर में देश में 5.25 से 5.30 लाख कारें बिकीं। यह एक महीने में अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री है। पिछले साल अक्टूबर में करीब 4.65 लाख कारें बिकी थीं। इस बार बिक्री में 13 से 14% की बढ़ोतरी हुई। इलेक्टि्रक टू-व्हीलर की बिक्री भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। अक्टूबर में 2.24 लाख इलेक्टि्रक दोपहिया वाहन बिके। वाहन पोर्टल (वाहन) के मुताबिक, यह अब तक का सबसे बड़ा मासिक आंकड़ा है।
फ्रेंच अरबपति खरीद रहा वीआई में हिस्सेदारी
नई दिल्ली। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने फ्रांस के उद्योगपति जेवियर नियल की वोडाफोन समूह में 16.2 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने की योजना को मंजूरी दे दी है। टेलीकॉम कंपनी इलियड के फाउंडर नियल अपनी पारिवारिक निवेश कंपनी वेगा एसएएस के जरिये यह हिस्सेदारी खरीद रहे हैं। वेगा, फ्रांस के कानून के तहत रजिस्टर्ड एक सिंप्लिफाइड जॉइंट शेयर बाजार की कंपनी माया एसएएस की सब्सिडियरी कंपनी है।
भारत में एपल की रिकॉर्ड कमाई
नई दिल्ली। ग्लोबल स्मार्टफोन मार्केट में मंदी और सप्लाई की चुनौतियों के बावजूद एपल ने सितंबर तिमाही में भारत में अब तक का सबसे ज्यादा रेवेन्यू हासिल किया है। कंपनी के सीईओ जॉन टर्नस ने अर्निंग्स कॉल में इसकी जानकारी दी। हालांकि उन्होंने ये नहीं बताया कि रेवेन्यू कितना रहा है लेकिन ग्लोबल रेवेन्यू बढ़कर 114.5 अरब डॉलर यानी करीब 10.80 लाख करोड़ रुपए हो गया। ये पिछले साल की इसी तिमाही के 102.5 अरब डॉलर के मुकाबले लगभग 12% ज्यादा है।
वहीं, पूरे साल में एपल ने रिकॉर्ड 479 अरब डॉलर यानी करीब ₹45 लाख करोड़ का रेवेन्यू हासिल किया है, जो पिछले साल 416 अरब डॉलर था।













