नई दिल्ली। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि भारत की पहली स्वदेशी बुलेट ट्रेन का डिज़ाइन तैयार हो चुका है और इसका निर्माण तेज़ी से चल रहा है। बेंगलुरु में (बीईएमएल) में हाई-स्पीड ट्रेनसेट के मॉडल और सिस्टम का निरीक्षण करने के बाद, उन्होंने मीडिया से बात की। मंत्री ने बताया कि इसका पहला प्रोटोटाइप अगले साल की शुरुआत में सामने आ सकता है। उन्होंने कहा कि मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर और भविष्य के अन्य कॉरिडोर के लिए बनाई जा रही स्वदेशी हाई-स्पीड ट्रेन ‘बी28’ ने एक बहुत महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया है। ट्रेन का प्रोपल्शन और इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम, और बोगी (जो ट्रेन को मज़बूती और स्मूथ मूवमेंट देती है), इन सभी का निर्माण अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार किया जा रहा है। रेल मंत्री ने बताया कि सभी पुर्ज़ों और सिस्टम की कार्यक्षमता और सुरक्षा के लिए टेस्टिंग की जा रही है।
जब कोई बुलेट ट्रेन 280 से 350 किमी प्रति घंटे की तेज़ रफ़्तार से चलती है, तो कोच के चारों ओर एक वैक्यूम (शून्य) जैसी स्थिति बन जाती है, जिससे पूरा वायुमंडलीय दबाव कोच पर पड़ता है। इसलिए, इसकी वेल्डिंग प्रक्रिया, इस्तेमाल होने वाली सामग्री, निर्माण प्रक्रिया और सभी सिस्टम को एक साथ जोड़कर ‘स्क्वीज़ टेस्ट’ (दबाव परीक्षण) किया जाता है।
जब यह पक्क ा हो जाता है कि ट्रेन वायुमंडलीय दबाव को झेल सकती है और इसमें कोई विकृति (आकार में बदलाव) नहीं आती है, तब निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाता है। अश्विनी वैष्णव ने भरोसा जताया कि बीपीएमएल के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम द्वारा विकसित की जा रही यह हाई-स्पीड ट्रेन ‘बी28’ सभी अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरी उतरेगी।













