कानपुर। ग्रीन पार्क स्टेडियम प्रदेश में सबसे ज्यादा दर्शक क्षमता वाला होगा, जहां 55 हजार दर्शक एक साथ मैच देख सकेंगे। स्टेडियम में निर्माण कार्यों के लिए 350 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। नई दर्शक दीर्घा बाहर से देखने में उप्र के प्रतीक चिह्न की तरह धनुषाकार होगी। इसके साथ ही बारहसिंघा, सारस व पलाश के फूलों की तरह आकार दिया जाएगा।
दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई के साथ कानपुर का ग्रीन पार्क स्टेडियम देश के पांच टेस्ट सेंटरों में शामिल है। स्टेडियम में दिल्ली के फिरोजशाह कोटला और मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम व विदेश के पूर्व खिलाड़ियों के नाम पर गैलरी होंगी। शहर में क्रिकेट को लाने वाले सर पदमपत सिंहानिया के साथ पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर, गोपाल शर्मा, शशिकांत खांडेकर, राहुल सप्रू, नीतू डेविड, रीता डे के नाम पर नई गैलरी पहचानी जाएंगी। क्रिकेट पिच का निर्माण होगा। तीन मंजिला वीवीआइपी गैलरी बनेंगी, जिसमें 500 वीवीआइपी मेहमानों के साथ करीब 15 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी।














