ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उन स्टेशनों में शामिल हैं, जो गाजियाबाद-जेवर कॉरिडोर पर नमो भारत सेवाओं के लिए प्रस्तावित हैं। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) द्वारा साझा किए गए स्टेशन विवरण के अनुसार, इस 72.44 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर 11 स्टेशन नमो भारत सेवाएं प्रदान करेंगे, जबकि मार्ग पर 18 स्टेशन मेट्रो सेवाएं देंगे।
कॉरिडोर कितना लंबा-चौड़ा?
इससे यात्री गाजियाबाद, नोएडा और एयरपोर्ट के बीच क्षेत्रीय रैपिड रेल और स्थानीय मेट्रो दोनों से यात्रा कर सकेंगे। हालांकि, इस संबंध में एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी से कहा कि यह कॉरिडोर अभी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) चरण में है। यह 72.44 किलोमीटर का कॉरिडोर दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के गाजियाबाद स्टेशन को जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ेगा। कुल लंबाई में से लगभग 71.5 किलोमीटर एलिवेटेड और 1.29 किलोमीटर भूमिगत होगा।














