ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। डीआरडीओ ने ओडिशा के चांदीपुर से ‘प्रलय’ मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। इसकी खासियत यह है कि एक ही लॉन्चर से 2 मिसाइलें लगातार दागी जा सकती हैं।
500 किलोमीटर तक मार करने वाली यह मिसाइल दुश्मन के अलग-अलग ठिकानों को निशाना बना सकती है। इसे क्वासी-बैलेस्टिक मिसाइल कहा जाता है, क्योंकि यह उड़ान के दौरान अपना रास्ता भी बदल सकती है।
इस परीक्षण के पहले 2 किमी के दायरे में रहने वाले लोगों को वहां से हटा दिया गया था। रूस और अमेरिका पहले से ही इस तरह की मल्टी-मिसाइल लॉन्च क्षमता वाले सिस्टम विकसित कर चुके हैं। हालांकि, भारत ने यह क्षमता अपनी स्वदेशी तकनीक से विकसित की है।
क्वासी बैलिस्टिक मिसाइल क्या है
आम बैलिस्टिक मिसाइल सीधे ऊपर जाकर फिर नीचे आती है, रास्ता पहले से पता चल जाता है। ‘प्रलय’ लो-ट्रेजेक्टरी पर जाती है, बीच में ही दिशा बदल सकती है, टर्मिनल फेज में मैन्युवर करती है। इसलिए दुश्मन का एयर डिफेंस इसे इंटरसेप्ट नहीं कर पाता।
इसे आर्मी और एयरफोर्स दोनों में शामिल किया जाना है। पाकिस्तान के साथ एलओसी पर ऐसे शॉर्ट रेंज, हाई प्रिसीजन हथियार गेम-चेंजर माने जा रहे हैं।
सॉल्वो टेस्टिंग
साल्वो का मतलब: एक साथ कई फायर। नॉर्मल टेस्ट में एक लॉन्चर से एक मिसाइल जाती है, टारगेट हिट करती है। साल्वो टेस्टिंग में एक ही लॉन्चर से 30-60 सेकंड के अंतर में दो मिसाइलें दागी जाती हैं, दोनों का टारगेट अलग होता है।
मुश्किल क्यों है: पहली मिसाइल के निकलते ही लॉन्चर हिलता है, धुआं, हीट और वाइब्रेशन पैदा होता है। उसी हिले हुए लॉन्चर से दूसरी मिसाइल को सटीक जाना होता है। अगर नेविगेशन सिस्टम में जरा भी एरर आया तो दूसरी मिसाइल फेल। इसलिए दुनिया में साल्वो टेस्ट को फाइनल यूजर ट्रायल माना जाता है।
भारत के लिए फायदा: युद्ध में दुश्मन के पास रिएक्ट करने का टाइम नहीं मिलेगा। पाकिस्तान का एक एयरबेस और उसका रडार – दोनों 500 किमी दूर से एक ही ट्रक से तबाह।
मैक-5 आवाज की गति से 5 गुना तेज, करीब 6174 किमी।
‘प्रलय’ में 2 फेज की स्पीड है: लॉन्च के बाद- मैक 1.6 से शुरू होकर ऊपर जाती है। टर्मिनल फेज (टारगेट के पास): मैक 5+ पर डाइव करती है।
इससे क्या फायदा: 500 किमी का सफर 7-8 मिनट में तय। टर्मिनल फेज में इतनी तेज है कि आयरन डोम या एच क्यू-9 जैसा डिफेंस सिस्टम उसे ट्रैक करके इंटरसेप्ट नहीं कर पाता क्योंकि वो आखिरी 30 सेकंड में दिशा भी बदल लेती है।
साल्वो टेस्टिंग सेना के लिए अहम क्यों
रणनीतिक रूप से: ये सिर्फ टेस्ट नहीं, वॉर डॉक्ट्रिन का बदलाव है। एक ही लॉन्चर से दो मिसाइलों की साल्वो फायरिंग का मतलब- दुश्मन के एक साथ दो एयरबेस या दो रडार स्टेशन को 5 मिनट में तबाह करना। पहले एक लॉन्चर = एक टारगेट, अब एक लॉन्चर = दो टारगेट।
तकनीकी रूप से: साल्वो टेस्ट सबसे मुश्किल माना जाता है। दो मिसाइलों की एग्जॉस्ट प्लम एक-दूसरे को डिस्टर्ब करती है। डीआरडीओ ने इसे कर दिखाया, अब यूजर-रेडी है, सिर्फ लैब-रेडी नहीं।














