नई दिल्ली। दिल्ली चिड़ियाघर के प्रवेश क्षेत्र को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने प्रवेश क्षेत्र के पुनर्विकास के लिए करीब 58 करोड़ रुपये की निविदा जारी की है। इसके तहत नया वाहन उतारने का क्षेत्र, सतही पार्किंग, प्रवेश द्वार, पैदल पारपथ, आगंतुक केंद्र और खुले परिसर में कैफेटेरिया बनाया जाएगा। प्रवेश क्षेत्र के बाहरी हिस्से में हरियाली और नए मार्ग भी विकसित किए जाएंगे।
यह परियोजना चिड़ियाघर के करीब 400 करोड़ रुपये के व्यापक आधुनिकीकरण कार्यक्रम का हिस्सा है। पूरे चिड़ियाघर को चार वर्ष में अलग-अलग चरणों में विकसित करने की योजना है। इसका मुख्य उद्देश्य वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को बेहतर बनाना और आगंतुकों के अनुभव को सुविधाजनक करना है।














