अंबाला। दिल्ली से अंबाला के बीच दो और रेल लाइनें बिछेंगी। रेल यातायात की क्षमता बढ़ाने की दिशा में रेलवे ने दिल्ली-पानीपत-अंबाला तीसरी एवं चौथी लाइन परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
रेल मंत्रालय के उत्तर रेलवे निर्माण संगठन की ओर से भारत के राजपत्र में जारी अधिसूचनाओं में हरियाणा के करनाल, अंबाला और पानीपत जिलों में परियोजना के लिए आवश्यक जमीन का ब्योरा जारी किया है। यह पूरा प्रोजेक्ट 5,983 करोड़ रुपये का है।
रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 20ए (1) के तहत केंद्र सरकार ने इन जमीनों के अधिग्रहण का काम शुरू किया है। जिन लोगों का प्रस्तावित अधिग्रहित भूमि में मालिकाना हक या कोई अन्य हित है, उन्हें आपत्ति दर्ज कराने का अधिकार दिया गया है। अधिसूचना प्रकाशित होने की तारीख से 30 दिन के भीतर लिखित आपत्ति संबंधित जिले के जिला राजस्व अधिकारी (डीआरओ) के समक्ष जमा कराई जा सकेगी।














