ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। आतंकियों को धूल चटाना हो या फिर या बाढ़-भूकंप में फंसे किसी नागरिक की जान बचाना। सीआरपीएफ ने हर बार ऐसे चुनौतीपूर्ण कामों को सफलता से अंजाम तक पहुंचाया है। आंतरिक खतरों से देश की रक्षा करने वाले इन जांबाजों से जुड़ी एक बेहद अच्छी और सकारात्मक खबर सामने आई है।
पूरे एक साल के अंदर ऐसी एक भी घटना नहीं हुई है, जिसमें सीआरपीएफ के किसी जवान को अपनी जान गंवानी पड़ी हो। पिछले 47 सालों में ऐसा पहली बार हुआ है, जो बेहद संतोष का पल है। सीआरपीएफ के लिए यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है, खासतौर पर तब, जब इस दौरान सुरक्षा बलों के जवान जम्मू-कश्मीर के अलावा वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों और मणिपुर जैसे हिंसाग्रस्त इलाकों में जोखिम भरे ऑपरेशनों में शामिल होते रहे हैं।
कई ऑपरेशन में सीआरपीएफ तैनात
सीआरपीएफ के महानिदेशक जीपी सिंह ने कहा,’इस उपलब्धि का श्रेय आधुनिक और समकालीन हार्डवेयर, बेहतर प्रशिक्षण, रणनीतिक योजना और घटना के बाद के एक्शन पर दिए गए स्पेशल ध्यान को जाता है। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों को तेजी से निकालकर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। यह सब ऐसे समय हुआ है, जब हम लगातार अलग-अलग ऑपरेशनल एरिया में तैनात हैं।’
पिछले अक्टूबर में आखिरी घटना
सीआरपीएफ के इतिहास में यह वक्त एक मील का पत्थर है। लगातार 12 महीने ऐसे बीते हैं, जिनमें ऑपरेशन के दौरान कोई शहादत नहीं हुई।













