ब्लिट्ज ब्यूरो
लखनऊ। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या पहुंचे। उनके साथ डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़णवीस भी थे। सरयू तट पर बने अस्थाई हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से उतरते ही हजारों समर्थकों ने उनका स्वागत किया। यहां से वे महंत रामचंद्र दास परमहंस की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने गए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राम जन्मभूमि परिसर में प्रवेश किया तथा रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई व पूजन-अर्चन किया। शिंदे ने राम मंदिर निर्माण का अवलोकन भी किया। लौटते हुए उनका काफिला बजरंगबली की प्रधानतम पीठ हनुमानगढ़ी की ओर उन्मुख हुआ।
इस दौरान उनके साथ उत्तर प्रदेश के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह सहित बड़ी संख्या में शिवसेना से जुड़े सांसद, विधायक एवं महाराष्ट्र से आए साधारण कार्यकर्ता शामिल रहे। यहां संक्षिप्त सभा में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने राम मंदिर निर्माण को लेकर खुशी जाहिर की तथा कहा कि आज बाल ठाकरे का सपना साकार होते देखकर अपार प्रसन्नता हुई है।