पेइचिंग। चीन ने दुनिया का पहला इलेक्टि्रक यात्री विमान बनाया है। वह अब इसे उड़ान का प्रमाण पत्र दिलाने की कोशिश करेगा। समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, इस बीएक्स1ई विमान के पंख 14.5 मीटर चौड़े हैं और इसका अधिकतम भार 230 किलोग्राम है। यह 3,000 मीटर की ऊंचाई पर उड़ सकता है। इसे दो घंटे के भीतर चार्ज किया जा सकता है और यह अधिकतम 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से 45 मिनट से एक घंटे तक की उड़ान भर सकता है। इस विमान को शेनयांग एयरोस्पेस विश्वविद्यालय और पूर्वोत्तर लियोनिंग प्रांत के लियोनिंग जनरल एविएशन अकादमी ने डिजाइन किया है। पहले दो विमानों को लियोनिंग रूईजयांग जनरल एविएशन कंपनी लि. को दिया गया। विमान के निर्माता के मुताबिक, इस विमान का इस्तेमाल पायलट ट्रेनिंग, पर्यटन, मौसम विज्ञान और बचाव कार्यों के लिए किया जा सकता है। इसकी कीमत लगभग 10 लाख युआन (1,63,000 डॉलर) है।













