ब्लिट्ज ब्यूरो
भोजपुर। भोजपुर के सदर प्रखंड के बड़का डुमरा गांव निवासी सुदिति भूषण ने 70वीं बीपीएससी की परीक्षा में अपनी सफलता का लोहा मनवाया है। उन्होंने राज्य कर आयुक्त का पद हासिल किया है।
हाल ही में बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का फाइनल रिजल्ट घोषित हुआ था, जिसमें कई उम्मीदवारों ने अफसर बनकर इतिहास रचा। हर उम्मीदवार की अपनी कहानी है लेकिन सुदिति भूषण की कहानी काफी अलग है। भोजपुर के सदर प्रखंड के बड़का डुमरा गांव निवासी सुदिति भूषण ने 70वीं बीपीएससी की परीक्षा में अपनी सफलता का लोहा मनवाया है। उन्होंने राज्य कर आयुक्त का पद हासिल किया है। बता दें कि यह रिजल्ट तब आया जब सुदिति की शादी यूपी के निवासी एक्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट सौरभ श्रीवास्तव से हो रही थी। इसके साथ ही उन्होंने एक बार फिर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया।
19 जून को ही सुदिति की शादी थी। 20 जून को बीपीएससी का रिजल्ट आने के बाद उसकी खुशी दोगुनी हो गई। गोरखपुर के सौरभ श्रीवास्तव के साथ अदिति ने सात फेरे लिए। सौरभ प्रशासनिक सेवा में हैं और वर्तमान में कार्यपालक दंडाधिकारी हैं। अभी शादी की रस्में और बधाइयों का दौर चल ही रहा था कि 20 जून 2026 को बिहार लोक सेवा आयोग ने रिजल्ट जारी कर दिया, जिसमें सुदिति ने टॉप किया है।
पहले भी कर चुकी है बीपीएससी क्रैक
सुदिति भूषण को यह सफलता बीपीएससी के दूसरे प्रयास में मिली। हालांकि यह पहली बार नहीं था कि जब सुदिति ने बीपीएससी की परीक्षा क्रैक की हो। इससे पहले वो ये कारनाम कर चुकी हैं। जी हां, उन्होंने पहली बार 64वीं बीपीएससी की परीक्षा में 486 रैंक लाकर सीओ का पद प्राप्त किया था। फिलहाल, सुदिति बक्सर जिले में चकबंदी पदाधिकारी के रूप में काम कर रही थीं लेकिन उनके सपने बड़े थे और वे अपनी रैंक में सुधार करना चाहती थीं। इसी वजह से उन्होंने नौकरी के साथ-साथ अपनी तैयारी जारी रखी और दूसरे प्रयास में अपनी रैंक को और बेहतर बनाकर दिखाया।
कहां से की है पढ़ाई
वह बड़का डुमरा गांव निवासी स्वर्गीय रमेश प्रसाद की पौत्री और आरा शहर के रामगढ़िया निवासी स्वर्गीय अमरनाथ श्रीवास्तव की नातिन है। सुदिति (माही) की स्कूली शिक्षा पटना के सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल और पटना वीमेंस कॉलेज से हुई है, उसने भूगोल ऑनर्स से स्नातक किया है।
अफसरों से भरा है परिवार
सुदिति के पिता डॉ. कृष्ण भूषण प्रसाद भारतीय स्टेट बैंक के रिटायर अधिकारी और माता डॉ. निभा श्रीवास्तव आकाशवाणी पटना में उद्घोषिका हैं। सुदिति की बड़ी बहन मेधा भूषण एवं बहनोई 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उनका छोटा भाई सत्यम भूषण श्रीवास्तव बीएचयू से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं।














