ब्लिट्ज ब्यूरो
थिम्पू। भूटान के ‘गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी’ में 9 घंटे के भीतर 108 स्तूपों को स्थापित किया गया। भूटान के राजा ने इनमें से एक स्तूप भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित किया है, जो दोनों देशों के बीच गहरे संबंधों को दिखाता है। 1 नवम्बर को हुए इस अभिषेक समारोह में भारत के केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू शामिल हुए। रिजिजू ने पीएम मोदी को स्तूप समर्पित किए जाने को भारत के लिए बहुत बड़ा सम्मान बताया। उन्होंने पीएम मोदी की ओर से भूटान के राजा को धन्यवाद भी दिया।
इस समारोह में अलग-अलग बौद्ध संप्रदायों के गुरु और दुनिया भर से आए 2 लाख लोग इकठ्ठा हुए। ये स्तूप बुद्ध को एनलाइटमेंट (ज्ञान की प्राप्ति) के प्रतीक हैं, जिसे ‘गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी’ का मुख्य आधार बताया गया है। इस शहर की परिकल्पना भूटान के राजा खेसर नामग्याल वांगचुक ने की है और इसका डिजाइन डेनिश आर्किटेक्ट ने तैयार किया है।
भूटान के राजा की परिकल्पना
‘गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी’ का उद्देश्य प्राचीन भूटानी सिद्धांतों और परंपराओं पर एक आधुनिक शहरी केंद्र विकसित करना है।
इस शहर को आर्थिक केंद्र के रूप में तैयार किया जा रहा है, लेकिन यहां व्यावसायिक फायदे से ज्यादा पर्यावरण की स्थिरता और लोगों की खुशी को महत्व दिया गया है। यह शहर दक्षिणी भूटान में भारत की सीमा के पास स्थित है।
राजधानी थिम्पू से लगभग 240 किमी की दूरी पर स्थित शहर की आबादी अभी केवल 10000 है।
स्तूपों में क्या है खास?
108 स्तूपों की परियोजना भूटान के राजा की परिकल्पना थी। एक ही दिन में हजारों स्वयंसेवकों ने इन स्तूपों को तैयार किया।
ये स्तूप इस शहर की आध्यात्मिक नींव का हिस्सा हैं। इन्हें स्थानीय भाषा में जांगजूब चोर्टेन कहा जाता है।
आई नदी के किनारे 11.7 किलोमीटर के दायरे में इन स्तूपों को बनाया गया है।
इन स्तूपों में हर एक की ऊंचाई 15 मीटर है और वे एक दूसरे से 108 मीटर की दूरी पर स्थित हैं।
रिजिजू ने बताया भारत का सम्मान
भारत के केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री किरेन रिजिजू ने एक पोस्ट में लिखा, यह भारत के लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है कि अत्यंत पवित्र 76वां स्तूप, भारत और भूटान के बीच मित्रता के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के उत्कृष्ण दृष्टिकोण और प्रतिबद्धता के लिए उन्हें समर्पित किया गया है।
रिजिजू ने आगे लिखा, भूटान के राजा, महारानी, भूटान के प्रधानमंत्री दाशों शेरिंग तोबगे और वहां के लोगों की उपस्थिति में नमन किया और प्रार्थना की। अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय ने बताया कि रिजिजू ने पीएम मोदी की तरफ से भूटान के राजा को इस परियोजना के तहत एक स्तूप समर्पित करने के लिए धन्यवाद दिया।













