अमरावती। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अयोध्या में 10 एकड़ जमीन देने का अनुरोध किया है। नायडू यहां भगवान वेंकटेश्वर यानी बालाजी का मंदिर बनाना चाहते हैं। उनका कहना है कि इससे अयोध्या और तिरुपति जैसे दो प्रमुख तीर्थस्थलों के बीच धार्मिक जुड़ाव मजबूत होगा। वाराणसी-वडनगर सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में नायडू ने यह प्रस्ताव रखा।
चंद्रबाबू नायडू ने भगवान राम और भगवान वेंकटेश्वर के धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि राम त्रेता युग के देवता हैं, जबकि भगवान वेंकटेश्वर को कलयुग का देवता माना जाता है। इसी आधार पर उन्होंने अयोध्या में बालाजी मंदिर के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग की। नायडू ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से 5 से 10 एकड़ जमीन देने का अनुरोध करते हैं ताकि अयोध्या में भगवान वेंकटेश्वर का मंदिर बनाया जा सके। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की लंबे समय से चली आ रही इच्छा पूरी होने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी दिया।
पीएम मोदी की तारीफ की
अपने संबोधन में नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी और एनडीए गठबंधन के नेतृत्व की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हित से जुड़े मामलों में राजनीतिक मतभेदों को अलग रखते हुए देश के हित में काम करना चाहिए। उन्होंने मोदी को सही समय पर सही नेता बताया और एनडीए की एकता पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने भारत की प्रमुख नदियों को आपस में जोड़ने की अपनी पुरानी मांग भी दोहराई। उन्होंने ब्रह्मपुत्र, गंगा, महानदी, गोदावरी और कावेरी को जोड़ने की जरूरत बताते हुए कहा कि इससे देश का विकास और तेज हो सकता है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इस तरह की बड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा सकता है।














