नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में एशियन गेम्स 2026 के पदकवीर भारतीय दल से मुलाकात की। उन्होंने इस अवसर पर कहा, केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, खेल राज्यमंत्री रक्षा खडसे, युवा एथलीट्स, कोच, आप सभी के बीच आना मुझे भी ऊर्जा से भर देता है। इतने सारे पदकवीर और उन सबको एक साथ मिलना ये कोई मामूली बात नहीं है। ये बहुत सुख अहसास होता है। आप सब युवा एथलीट इस बात के उदाहरण हैं कि जब जुनून जीत में बदलता है तो वो कैसे मेडल्स के साथ-साथ चेहरे की चमक भी बदल देता है और देश तो चमकता ही है।
पीएम ने आगे कहा, ‘आपके कोच, आपके सपोर्ट स्टाफ और आपके परिवार का भी मैं हृदय से अभिनंदन करता हूं। आज हमारे पूर्व राष्ट्रपति कलाम जी की जन्म जयंती भी है। मैं उन्हें भी सादर नमन करता हूं। इस बार एशियाड कई मायनों में यादगार रहे। हमारी हॉकी की दोनों टीमों ने इस बार गोल्ड मेडल जीता।
– कहा, जुनून जीत में बदलता है तो मेडल्स के साथ चेहरे की चमक भी बदलता है
– महिला हॉकी टीम ने 44 साल का इंतजार खत्म किया, 28 साल बाद वेटलिफ्टिंग में मेडल
– मैं अपनी बेटियों की खासतौर पर सराहना करना चाहता हूं
खासकर हमारी महिला हॉकी टीम ने गोल्ड लाकर 44 साल लंबे इंतजार को खत्म किया है। क्रिकेट में हमारी दोनों टीमों ने लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीता है। साथ ही अपना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। कबड्डी में भी हमारी दोनों टीमों ने गोल्ड मेडल जीता। इसी तरह तीरंदाजी में पांच गोल्ड आए हैं।’
पीएम ने कहा, ‘शूटिंग में, बॉक्सिंग में शानदार प्रदर्शन किया है। हमें 28 साल बाद वेटलिफ्टिंग में मेडल मिला है। 1982 के बाद मैराथन में मेडल आया है। मैं अपनी बेटियों की खासतौर पर सराहना करना चाहता हूं। भारत ने 85 मेडल जीते हैं, उनमें ने 38 मेडल हमारी महिला एथलीट्स ने जीते हैं। इनमें 11 गोल्ड मेडल शामिल हैं। ये मेडल केवल एक संख्या नहीं है, ये नए भारत की सशक्त तस्वीर है। आज भारत ऐसे खेलों में भी मेडल जीतता रहा है, जिनमें एशियाड के इतिहास में पहले कभी मेडल नहीं मिला। एमएमए, सॉफ्ट टेनिस और सेलिंग के कुछ इवेंट्स में मेडल जीतकर इतिहास रचा है। साथियों, हमें खेलों में और भी ऊंचाइयों तक जाना है।’
हर मैदान पर तिरंगे की शान
खेलों में भारत की नई पहचान
पीएम ने कहा, मैं कुछ संकल्प रखूंगा, और आपको कहना है- वी विल डू इट
‘हर मैदान पर तिरंगे की शान
खेलों में भारत की नई पहचान’
खेल मंत्री मांडविया ने जताया अाभार
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का खिलाड़ियों को संबोधित करने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा, ‘पिछले कुछ वर्षों में खेल को लेकर पीएम मोदी ने सोच बदली है। अवसर बढ़े हैं। भारत युवा खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है। ये आपकी दूरदर्शी सोच से हुआ है। आपने खेल में 360 डिग्री ट्रांसफॉर्मेशन पर ध्यान दिया है। आपके नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ जैसे कई मूवमेंट आए। इसी का परिणाम है, आज सरकार, नेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन और इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन कदम से कदम मिलाकर काम कर रहे हैं।’
पहली बार नए खेलों में 22 पदक जीतने में हम सफल रहे। हमारी नारी शक्ति ने ज्यादा स्वर्ण पदक जीते। हमने सात नेशनल रिकॉर्ड, छह एशियन रिकॉर्ड और एक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया है। यह आपके नेतृत्व का ही परिणाम है कि हमने पिछले 12 वर्षों में एशियाड के अपने तीन सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किए हैं। इस अवसर पर भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों ने पीएम मोदी को जर्सी भेंट की इसके अलावा हॉकी स्टिक भी भेंट की।














