नई दिल्ली। कोटक महिंद्रा बैंक ने अनूप कुमार साहा को नया मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल तीन साल का होगा। साहा 1 जनवरी 2027 से यह पद संभालेंगे। वह अभी बैंक में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर काम कर रहे हैं। साहा के पास 32 साल से ज्यादा का अनुभव है। इसमें 25 साल का अनुभव बैंकिंग और नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशंस में है।
कोटक महिंद्रा बैंक में भूमिका
अनूप कुमार साहा जनवरी 2026 में कोटक महिंद्रा बैंक से जुड़े थे। मार्च 2026 से डायरेक्टर की भूमिका में वह बैंक के पूरे रिटेल बैंक, सरकारी कारोबार, डेटा एनालिटिक्स और मार्केटिंग का काम संभाल रहे थे।
बजाज फाइनेंस में अहम पदों पर रहे
साहा ने 2017 से जनवरी 2026 तक बजाज फाइनेंस लिमिटेड के साथ काम किया। उन्होंने वहां प्रेसिडेंट-कंज्यूमर फाइनेंस के तौर पर शुरुआत की। इसके बाद वह डिप्टी सीईओ -कंज्यूमर, एमएसएमई , मार्केटिंग, ऑपरेशंस एंड सर्विस और डिजिटल प्लेटफॉर्म रहे। वह एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर भी रहे। इसके बाद अप्रैल 2025 से जुलाई 2025 तक उन्होंने बजाज फाइनेंस लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ के रूप में काम किया। जुलाई 2025 में उन्होंने इस पद से इस्तीफा दिया था।














