नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए हवाई अड्डों पर बोर्डिंग पास पर मुहर लगाने की प्रथा एक सितंबर से समाप्त कर दी गई है।
अधिकारियों ने कहा, इसके बजाय विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों को आव्रजन मंजूरी के लिए अपने स्मार्टफोन पर ई-बोर्डिंग पास दिखाना होगा।
अधिकारियों ने कहा, भारतीय हवाई अड्डों से उड़ान भरने वाले यात्रियों को अब भौतिक बोर्डिंग पास ले जाने की आवश्यकता नहीं होगी क्योंकि आव्रजन अधिकारियों ने 1 सितंबर से इस दस्तावेज़ पर मुहर लगाने की प्रक्रिया को समाप्त करने का निर्णय लिया है।
गृह मंत्रालय के अधीन आव्रजन ब्यूरो (बीओआई) ने हाल ही में हवाई अड्डे के अधिकारियों को आधिकारिक निर्देश जारी किया है, क्योंकि एजेंसी ने पाया कि आव्रजन उद्देश्यों के लिए बोर्डिंग पास पर भौतिक रूप से मुहर लगाने से यात्रियों को असुविधा हो रही थी।
अधिकारियों ने कहा, बोर्डिंग पास पर अनुचित या गलत मुहर लगने के कारण उन्हें पढ़ने में त्रुटियों के मामले भी सामने आ रहे थे, इसलिए इस प्रक्रिया को समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
अधिकारियों ने निर्देश का हवाला देते हुए कहा, बीओआई द्वारा इस मामले की जांच की गई है और अब यह निर्णय लिया गया है कि देश के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर भौतिक बोर्डिंग पास की अनिवार्य आवश्यकता और आव्रजन काउंटरों पर बोर्डिंग पास पर मुहर लगाने की प्रक्रिया को समाप्त कर दिया जाए।
हालांकि, उन्होंने कहा कि फिजिकल बोर्डिंग पास स्वीकार किए जाते रहेंगे, लेकिन अब आव्रजन अधिकारियों द्वारा उन पर मुहर नहीं लगाई जाएगी।
सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के बोर्डिंग पास पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) द्वारा व्यक्तिगत तलाशी के दौरान मुहर नहीं लगाई जा रही थी और उन्हें केवल आव्रजन अधिकारियों द्वारा मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया जाना चाहिए था। उन्होंने आगे कहा, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय, दोनों यात्रियों के लिए सीआईएसएफ द्वारा बोर्डिंग पास पर मुहर लगाने की प्रथा कई साल पहले बंद कर दी गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए आव्रजन प्रवेश और निकास पर मुहर लगाने की प्रथा को समाप्त करने की एक प्रायोगिक परियोजना को भी इस संदर्भ में एक प्रायोगिक अभ्यास पूरा होने के बाद समाप्त करने की योजना है।














