ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। भारतीय वायु सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए अच्छा अवसर है। वायु सेना ने एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट (एफकैट) के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके माध्यम से फ्लाइंग ब्रांच और ग्राउंड ड्यूटी (टेक्निकल व नॉन-टेक्निकल) ब्रांच में अधिकारी पदों पर भर्ती की जाएगी। महिला और पुरुष, दोनों अभ्यर्थी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। खास बात यह है कि इस भर्ती के तहत चयनित उम्मीदवारों को जनवरी 2028 से शुरू होने वाले प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
तीन ब्रांच में कॅरिअर की राह
एफकैट भारतीय वायु सेना में ग्रुप-ए गजेटेड अधिकारी के रूप में कॅरिअर बनाने का प्रवेश मार्ग है। इसके तहत फ्लाइंग ब्रांच में पायलट बनने और ग्राउंड ड्यूटी ब्रांच में तकनीकी व गैर-तकनीकी जिम्मेदारियां संभालने का अवसर मिलता है। भर्ती में एनसीसी स्पेशल एंट्री और ग्राउंड ड्यूटी टेक्निकल ब्रांच के लिए गेट स्कोर एंट्री का विकल्प भी शामिल है। अलग-अलग ब्रांच के लिए शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा निर्धारित की गई है।
परीक्षा पैटर्न और चयन प्रक्रिया
इस परीक्षा में सामान्य जागरूकता, अंग्रेजी भाषा, संख्यात्मक क्षमता, रीजनिंग और मिलिट्री एप्टीट्यूड विषयों से कुल 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके लिए 300 अंक निधारित हैं। परीक्षा में सवालों को हल करने के लिए दो घंटे का समय मिलेगा। प्रत्येक सही उत्तर पर तीन अंक मिलेंगे, जबकि गलत उत्तर देने पर एक अंक की कटौती होगी। परीक्षा केवल अंग्रेजी भाषा में होगी। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को आगे एयर फोर्स सिलेक्शन बोर्ड (एएफएसबी) की चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा। इसमें साइकोलॉजिकल टेस्ट, ग्रुप टेस्ट और इंटरव्यू शामिल हैं। इसके बाद मेडिकल परीक्षण और मेरिट के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।
कौन हैं पात्र
फ्लाइंग ब्रांच के लिए अभ्यर्थियों की आयु 20 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वहीं, ग्राउंड ड्यूटी ब्रांच के लिए आयु सीमा 20 से 26 वर्ष निर्धारित है। फ्लाइंग ब्रांच के लिए अभ्यर्थी का 12वीं में गणित और भौतिक विज्ञान विषयों के साथ उत्तीर्ण होना जरूरी है। साथ ही, उसके पास स्नातक या बीई/बीटेक की डिग्री होनी चाहिए।














