ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) में अब शिक्षकों की भर्ती पूरे साल होगी। योग्य अभ्यर्थी असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों के लिए कभी भी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। संस्थान प्रशासन ने शिक्षक भर्ती की पुरानी व्यवस्था में बदलाव करते हुए रोलिंग विज्ञापन प्रणाली लागू की है। इसके तहत भर्ती के लिए आवेदन करने की कोई अंतिम तारीख तय नहीं की गई है। इससे अभ्यर्थियों को बार-बार नए विज्ञापन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
सालभर होंगे ऑनलाइन आवेदन
संस्थान ने छह नवंबर को इस संबंध में विज्ञापन जारी किया है। पहले चरण में असिस्टेंट प्रोफेसर ग्रेड-वन और ग्रेड-टू के रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। संस्थान ने सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी और अनुप्रयुक्त विज्ञान विभागों के लिए आवेदन मांगे हैं। नई व्यवस्था के तहत अभ्यर्थी सालभर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
समय-समय पर घोषित करेगा कटऑफ तारीख
संस्थान समय-समय पर आवेदन प्राप्त करने की एक कटऑफ तारीख घोषित करेगा। इस तारीख तक मिले आवेदनों को एक साथ चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। उस समय तक उपलब्ध रिक्तियों के साथ नई और बैकलॉग रिक्तियों को भी ध्यान में रखा जाएगा। कटऑफ तारीख के बाद मिलने वाले आवेदन अगली भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे।
पीएचडी डिग्रीधारकों से आवेदन मांगे
अभ्यर्थियों की योग्यता, अनुभव और शैक्षणिक उपलब्धियों का आकलन संबंधित भर्ती चरण की घोषित कटऑफ तारीख के आधार पर किया जाएगा। यानी आवेदन करने के बाद भी अभ्यर्थियों को अगली चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिल सकेगा। संस्थान ने पीएचडी डिग्रीधारकों से आवेदन मांगे हैं। ऐसे अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनका शोध कार्य बेहतर हो और शिक्षण के साथ संस्थान के विकास में योगदान देने की क्षमता हो। नई व्यवस्था से संस्थान को जरूरत के अनुसार योग्य शिक्षक उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
निदेशक प्रो. मुकुल एस सुतावने का कहना है कि रोलिंग विज्ञापन के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इस प्रक्रिया के तहत पहले से पद तय नहीं होते हैं।
मेडिकल कॉलेजों को 17 असिस्टेंट प्रोफेसर मिले
चिकित्सा शिक्षा विभाग के तहत राजकीय मेडिकल कॉलेजों को 17 असिस्टेंट प्रोफेसर मिले हैं। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने असिस्टेंट प्रोफेसर एनाटॉमी और ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया।
असिस्टेंट प्रोफेसर एनाटॉमी के कुल 18 पदों पर चयन के लिए 26 एवं 27 अक्तूबर को साक्षात्कार हुए थे। इनमें 15 अभ्यर्थियों के नाम की संस्तुति की गई है। उपसचिव अनुपम मिश्रा के अनुसार साक्षात्कार में उपस्थित अनुसूचित जाति के अभ्यर्थियों के अंक निर्धारित न्यूनतम अर्हता अंक से कम होने के कारण उनका चयन नहीं किया गया। इन तीन पदों को पुनर्विज्ञापित करने की संस्तुति की गई है।














