ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। देश के पहले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी ) खड़गपुर ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल की है। संस्थान ने राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) से मान्यता प्राप्त पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल डिग्री यानी एमडी कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। इसके साथ ही आईआईटी खड़गपुर देश का पहला आईआईटी बन गया है, जहां एमडी स्तर के मेडिकल पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से इन पाठ्यक्रमों की शुरुआत डॉ. बी.सी. रॉय मल्टी-स्पेशियलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर में होगी। पहले चरण में छह विशेषज्ञताओं में कुल 12 सीटें रखी गई हैं। प्रत्येक विषय में दो-दो सीटें होंगी।
संस्थान के अनुसार, एमडी जनरल मेडिसिन, रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी, फिजियोलॉजी, कम्युनिटी मेडिसिन और बायोकेमिस्ट्री में दाखिले होंगे। प्रवेश नीट पीजी 2026 (नीट पीजी) की ऑनलाइन काउंसलिंग के दूसरे राउंड के माध्यम से किया जाएगा। पात्र अभ्यर्थियों को आधिकारिक काउंसलिंग कार्यक्रम और सीट मैट्रिक्स के अनुसार विकल्प चुनने का अवसर मिलेगा।
पीजी मेडिकल कोर्स की फीस और छात्रों को मिलने वाला स्टाइपेंड एम्स की तर्ज पर होगा। चक्रवर्ती ने कहा, ये पोस्टग्रेजुएट मेडिकल प्रोग्राम आईआईटी खड़गपुर के नए अस्पताल – ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल’ – के क्लिनिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और ‘साउथ ईस्टर्न रेलवे हॉस्पिटल, खड़गपुर’ के साथ बनी संस्थागत साझेदारी के जरिए चलाए जाएंगे। यह व्यवस्था एनएमसी की तय शर्तों के अनुसार, इन पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम्स के लिए जरूरी क्लिनिकल ट्रेनिंग का माहौल प्रदान करती है।
आईआईटी खड़गपुर ने एक बयान में कहा कि ये प्रोग्राम मेडिकल छात्रों को कई क्षेत्रों में रिसर्च करने का मौका देंगे। इनमें एआई-आधारित क्लिनिकल निर्णय लेने की प्रक्रिया, एडवांस्ड मेडिकल इमेजिंग, कंप्यूटेशनल पैथोलॉजी, बायोमेडिकल डिवाइस, मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स, प्रिसिजन मेडिसिन और पॉपुलेशन हेल्थ जैसे विषय शामिल हैं।
मेडिकल शिक्षा में एआई, इंजीनियरिंग का संगम
आईआईटी खड़गपुर की इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक चिकित्सा शिक्षा को इंजीनियरिंग, एआई और आधुनिक अनुसंधान से जोड़ना है। संस्थान का मानना है कि भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में एआई आधारित डायग्नोस्टिक्स, आधुनिक मेडिकल इमेजिंग, कंप्यूटेशनल पैथोलॉजी, बायोमेडिकल उपकरण और प्रिसिजन मेडिसिन की भूमिका बढ़ेगी। इसे ध्यान में रखते हुए यहां मेडिकल विद्यार्थियों को तकनीकी अनुसंधान और नवाचार से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है।














