ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। अग्निपथ योजना में बदलाव के बाद पूर्व अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में आरक्षण देने की व्यवस्था को लेकर पात्रता का सवाल खड़ा हो गया है। राज्यों ने अग्निवीरों के लिए आरक्षण का एलान तो किया है, लेकिन अब यह स्पष्ट होना बाकी है कि चार साल की सेवा पूरी करने के बाद सेना से बाहर आने वाले युवाओं को पूर्व अग्निवीर माना जाएगा या नहीं।
दरअसल, नई व्यवस्था में चार साल की सेवा के बाद अग्निवीरों को दो साल के एक्सटेंशन का विकल्प मिलेगा। यह अनिवार्य नहीं होगा।
योजना में बदलाव के बाद नौकरियों में आरक्षण को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। इसके बाद उन्हें नियमित सैनिक बनने का एक और मौका दिया जाएगा। सीडीएस जनरल राजा सुब्रमणि ने कहा था कि दो साल अतिरिक्त सेवा और नियमित सैनिक बनने का मौका मिलने के कारण आरक्षण की जरूरत नहीं होगी। वहीं, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों के लिए यूपी पुलिस, कारागार, वन विभाग और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में 20% क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की गई है। अब केंद्र की ओर से पूर्व अग्निवीर की परिभाषा स्पष्ट होने का इंतजार है।














