अल अमीरात। पाकिस्तान जीत के करीब था, भारत की उम्मीदें लगभग टूट चुकी थीं। 338 रन जैसे टारगेट का पीछा करते हुए टीम इंडिया 252 रन पर 8 विकेट गंवा चुकी थी। पाकिस्तान को खिताब बचाने के लिए 51 बॉल पर सिर्फ 2 विकेट चाहिए थे, लेकिन तभी मोहित उल्वा ने ऐसी पारी खेली, जिसने मैच का नतीजा बदल दिया।
नंबर-10 पर बल्लेबाजी करने आए मोहित ने सिर्फ 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन ठोंक दिए। आखिरी ओवर में भारत को 8 रन चाहिए थे और हाथ में सिर्फ एक विकेट था। आखिरी गेंद पर 3 रन की जरूरत थी। मोहित ने गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाकर भारत को चैंपियन बना दिया। इस जीत के साथ भारत ने नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीता। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 80 और आर्यवीर सहवाग के 58 रन बनाए। मोहित ने मानल के साथ 57 रन की साझेदारी कर उम्मीद जगाई। मानल के आउट होने के बाद चिगुरुपति के साथ मोहित ने आखिरी विकेट के लिए 30 रन जोड़कर भारत को जीत दिला दी।

धोनी का आईपीएल से संन्यास, सीएसके के मेंटर बने
नई दिल्ली। महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल से संन्यास ले लिया है। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने उन्हें टीम का मेंटर बनाया है। धोनी 19 साल तक आईपीएल में खेले। इनमें से 17 सीजन उन्होंने चेन्नई के साथ बिताए। 2016 और 2017 में सीएसके पर बैन के कारण वे राइजिंग पुणे सुपरजायंट का हिस्सा रहे। धोनी ने आईपीएल में 278 मैच खेले और 5,314 रन बनाए। उनकी कप्तानी में चेन्नई ने 5 आईपीएल और 2 चैंपियंस लीग टी-20 खिताब जीते। धोनी ने 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी।
सीएसके के मालिक एन. श्रीनिवासन ने कहा, धोनी के बिना सीएसके की कल्पना नहीं की जा सकती। करीब 20 साल से हमारा साथ है। 2008 में मैंने ही उन्हें टीम में शामिल करने की बात कही थी। यह मेरा सबसे अच्छा फैसला था। धोनी हमेशा सीएसके की पहचान रहेंगे और यह टीम उनका घर रहेगी।
केपीएमजी ने बेंगलुरु में ‘स्पोर्ट्स टेक हब’ लॉन्च किया
बेंगलुरु। केपीएमजी इंडिया ने बेंगलुरु में एक ‘स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी हब’ लॉन्च किया है। इसका मकसद देश की तेजी से बढ़ती स्पोर्ट्स इंडस्ट्री में अपनी पैठ बनाना है। अनुमान है कि यह इंडस्ट्री अभी के 21 अरब डॉलर से बढ़कर 2030 तक लगभग दोगुनी, यानी 40 अरब डॉलर की हो जाएगी।
यह प्रोफेशनल सर्विसेज फर्म भारत और विदेशों में स्पोर्ट्स संगठनों के लिए टेक्नोलॉजी समाधान तैयार करने के वास्ते आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस , डेटा एनालिटिक्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दांव लगा रही है।













