ब्लिट्ज ब्यूरो
खदान बंद करने के कार्यों के लिए एस्क्रो खाते से प्रतिपूर्ति मिलने की समय-सीमा को घटाकर, दावा प्राप्त होने के एक महीने के भीतर कर दिया गया है। साथ ही, दावों की जांच-पड़ताल करने का प्रावधान भी रखा गया है। इसके अलावा, एस्क्रो खाते से निकासी के लिए हर पांच साल में किए जाने वाले दावों के सत्यापन के लिए अधिकृत एजेंसियों के दायरे को भी बढ़ा दिया गया है।
कोयला मंत्रालय ने हाल ही में कोयला और लिग्नाइट खदानों के लिए ‘माइनिंग प्लान’ (खनन योजना) और ‘माइन क्लोजर प्लान’ (खदान बंद करने की योजना) तैयार करने के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। ये दिशानिर्देश व्यवस्थित और वैज्ञानिक तरीके से खदान की योजना बनाने और उसे बंद करने के लिए एक परिणाम-उन्मुख ढांचा प्रदान करते हैं। ये मौजूदा कानूनी ढांचे के पूरक हैं और अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत पहले से मौजूद अनुपालन आवश्यकताओं के दोहराव को रोकते हैं।
इन दिशानिर्देशों का उद्देश्य निर्णय लेने की प्रक्रिया को समयबद्ध बनाना है, जिसके लिए जांच और मंजूरी के विभिन्न चरणों को स्पष्ट किया गया है। खदान बंद करने के कार्यों के लिए एस्क्रो खाते से प्रतिपूर्ति मिलने की समय-सीमा को घटाकर, दावा प्राप्त होने के एक महीने के भीतर कर दिया गया है, जिसमें दावों की जांच-पड़ताल का प्रावधान भी शामिल है। इसके अलावा, एस्क्रो खाते से निकासी के लिए हर पांच साल में किए जाने वाले दावों के सत्यापन के लिए अधिकृत एजेंसियों के दायरे को भी बढ़ा दिया गया है। नई तकनीकों को ध्यान में रखते हुए, इन दिशानिर्देशों में ‘अंडरग्राउंड कोल गैसीफिकेशन’ (भूमिगत कोयला गैसीकरण) को खनन के एक तरीके के रूप में मान्यता दी गई है। परियोजना प्रस्तापकों को मौजूदा परिस्थितियों के अनुसार अधिक लचीलापन दिया गया है, जिससे खदानों का संचालन तेजी से शुरू किया जा सकेगा।
उम्मीद है कि ये दिशानिर्देश सरल, व्यावहारिक और समयबद्ध प्रक्रियाओं के माध्यम से ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस’ (व्यापार करने में आसानी) को बेहतर बनाएंगे। इससे खदानों का संचालन तेजी से शुरू हो सकेगा, जो देश की ऊर्जा सुरक्षा में मददगार होगा। यह एक स्पष्ट और केंद्रित नियामक ढांचा प्रदान करता है, साथ ही वैज्ञानिक तरीके से खदान बंद करने और स्थानीय समुदायों के लाभ के लिए खदान वाली जमीन के पुन: उपयोग को बढ़ावा देता है।
इस बीच, मंत्रालय ने ‘मिनरल कंसेशन रूल्स, 1960’ (खनिज रियायत नियम, 1960) में भी संशोधन किया है। इसके तहत, ‘प्रोस्पेक्टिंग एजेंसियों’ (खनिज खोज एजेंसियां) और ‘माइनिंग प्लान’ तैयार करने वाली एजेंसियों की मान्यता की अवधि को 3 साल से बढ़ाकर 5 साल कर दिया गया है। इस सुधार से समय-समय पर होने वाले मूल्यांकन और मान्यता नवीनीकरण की संख्या कम होगी, जिससे इन एजेंसियों का समय बचेगा। मान्यता की लंबी अवधि से भूवैज्ञानिक रिपोर्ट और माइनिंग प्लान तैयार करने का काम निरंतर चलता रहेगा, जो कोयला और लिग्नाइट ब्लॉकों के संचालन के लिए अनिवार्य शर्तें हैं।
यह सुधार कोयला क्षेत्र में ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस’ और ‘विश्वास-आधारित शासन’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।














