टोक्यो। भारत और जापान के बीच रक्षा सहयोग को नई रफ्तार देने पर सहमति बनी है। दोनों देश समुद्री सुरक्षा से लेकर मिसाइल तकनीक तक मिलकर काम करेंगे। टोक्यो में आयोजित चौथी भारत-जापान ‘2 प्लस 2’ वार्ता में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर शामिल हुए।
रक्षा मंत्री ने कहा, दोनों देश एशिया के दो मजबूत लोकतांत्रिक देश हैं और विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी के तहत आगे बढ़ रहे हैं। यह साझेदारी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और समृद्धि के लिए बेहद अहम है। राजनाथ ने कहा, वर्ष 2027 में भारत-जापान के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होंगे। दोनों इस पर सहमत हैं कि विवादों का समाधान अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप शांतिपूर्ण तरीके हो।
राजनाथ ने कहा, वार्ता में 2025 में हुए सुरक्षा संबंधी संयुक्त घोषणा-पत्र के अनुरूप रक्षा-सुरक्षा साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा की। वहीं, भारत में आयोजित वीर गार्जियन-26 हवाई अभ्यास में जापान के लड़ाकू विमानों की पहली बार भागीदारी का स्वागत किया।
इन पर बनी सहमति
1.पानी के भीतर इस्तेमाल होने वाली तकनीक और मिसाइल तकनीक के क्षेत्रों में सहयोग तेज करेंगे।
2.जहाजों की मरम्मत की सुविधा देने के लिए समुद्री जहाज मरम्मत व्यवस्था पर काम होगा।
3.समुद्री सुरंगों का पता लगाने और उन्हें निष्कि्रय करने की क्षमता बढ़ाने पर भी सहयोग करेंगे।
रक्षा में बढ़ाएंगे सहयोग
राजनाथ ने कहा कि समुद्री सुरक्षा सहयोग पर हुए समझौते को जमीन पर उतारने के लिए सहमत हुए हैं। सूचनाओं को साझा करने की व्यवस्था विकसित होगी।
संसाधनों को हथियार बनाना चिंताजनक ः जयशंकर
टोक्यो। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि संसाधनों, संपर्क मार्गों और आपूर्ति श्रृंखलाओं को हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जो चिंताजनक है।
जयशंकर ने कहा, वैश्विक अनिश्चितता के बीच भारत जापान जैसी विश्वसनीय साझेदारियों का महत्व लगातार बढ़ रहा है। टोक्यो में विदेश मंत्री ने कहा, दोनों देशों के बीच बढ़ रहा साझेदारियों का महत्व।
भारत-जापान विदेश एवं रक्षा मंत्रियों की चौथी वार्ता (2+2) के बाद पत्रकारों से बातचीत में जयशंकर ने कहा, वैश्विक व्यवस्था इस समय कई तरह के झटकों का सामना कर रही है, जिनमें दो बड़े जारी संघर्ष, आर्थिक अस्थिरता और कोविड-19 महामारी के दुष्प्रभाव शामिल हैं। इन घटनाक्रम ने ऊर्जा, व्यापार, खाद्य और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
विदेश मंत्री ने कहा, जब हम इन मोर्चों पर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं, तब भारत और जापान जैसी विश्वसनीय एवं सार्थक साझेदारियां और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती हैं। दोनों देश मिलकर विकास और सद्भाव की मिसाल कायम कर सकते हैं।














