ब्लिट्ज ब्यूरो
टोक्यो। जापान की सेना अगले साल से अपनी लंबी दूरी की मिसाइलों की टेस्टिंग भारत की फायरिंग रेंज में कर सकेगी। विगत दिवस दोनों देशों के बीच टोक्यो में हुई मंत्रिस्तरीय वार्ता में इस पर सहमति बनी है।
जापान खास तौर पर अपनी करीब 1000 किलोमीटर मारक क्षमता वाली टाइप-25 एंटी-शिप मिसाइल और छोटे अटैक ड्रोन को टेस्ट करना चाहता है, लेकिन जापान के पास टेस्टिंग के लिए उतनी रेंज वाली खाली जगह नहीं है।
जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोईजुमी ने कहा- हम इस बात पर सहमत हुए कि अगले साल जापान की सेल्फ डिफेंस फोर्स पहली बार भारत के फायरिंग रेंज का इस्तेमाल करेगी। यह रणनीतिक रूप से भी एक बड़ा कदम है।
जापान के सामने मिसाइलों के लाइव-फायर टेस्टिंग की रेंज वाली जगह हमेशा से बड़ी चुनौती रही है क्योंकि, जापान कई द्वीपों से मिलकर बना देश है। वहां पर आबादी का घनत्व काफी अधिक है और समुद्र के आसपास मौजूद स्पेस व्यापारिक गतिविधियों के चलते व्यस्त रहता है।
जबकि, लंबी दूरी की मिसाइलों का परीक्षण करने के लिए बड़े और सुरक्षित फायरिंग क्षेत्र की जरूरत होती है। मिसाइल दागने के बाद उसके पूरे रास्ते और संभावित प्रभाव वाले इलाके पर निगरानी रखनी पड़ती है। ऐसे परीक्षणों के लिए समुद्र में भी पर्याप्त खाली जगह ढूंढ़नी पड़ती है, जिससे किसी जहाज या नागरिक गतिविधि को खतरा न पहुंचे। भारत के पास इस लिहाज से बेहतर परिस्थितियां हैं। हमारे यहां पर विशाल सैन्य प्रशिक्षण क्षेत्र और समुद्र में बड़े ऑपरेशनल स्पेस उपलब्ध हैं। ऐसे में जापान को भारतीय फायरिंग रेंज के इस्तेमाल की सुविधा मिलने से उसे वास्तविक परिस्थितियों में अपनी मिसाइलों की क्षमता जांचने का अवसर मिलेगा।














