ब्लिट्ज ब्यूरो
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 18,690 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई। इस किस्त से उत्तराखंड के 8 लाख, 8 हजार से अधिक किसान भी लाभान्वित हुए हैं। प्रदेश के किसानों के खातों में कुल 161.96 करोड़ रुपये भेजे गए। इस अवसर पर देहरादून के सर्वे ऑडिटोरियम, हाथीबड़कला में पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी लाभार्थी किसानों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। वर्ष 2019 में योजना की शुरुआत के समय उत्तराखंड के करीब चार लाख किसान इससे लाभान्वित हो रहे थे, जबकि वर्तमान में यह संख्या बढ़कर आठ लाख से अधिक हो गई है। इससे स्पष्ट है कि प्रदेश में अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजना से जोड़ा गया है। केंद्र सरकार किसानों के सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि के लिए लगातार काम कर रही है।














