ब्लिट्ज ब्यूरो
गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि प्रस्तावित दिल्ली-गुवाहाटी बुलेट ट्रेन बनना तय हो गया है लेकिन इस प्रोजेक्ट में सबसे बड़ी बाधा ‘चिकन नेक’ कॉरिडोर है। यहां से बुलेट ट्रेन को निकालने के लिए कई टेक्निकल समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में बुलेट ट्रेन का रास्ता जमीन के नीचे या ऊंचे ट्रैक (एलिवेटेड ट्रैक) से निकालना पड़ सकता है। यह कॉरिडोर रणनीतिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण है और पूर्वोत्तर को शेष भारत से जोड़ने वाला एक संकरा रास्ता है।
इस प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल लाइन को मंजूरी मिल गई है, लेकिन इसका अंतिम रूट (अलाइनमेंट) और इंजीनियरिंग संबंधी जरूरतें अभी तय की जानी बाकी हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि रेलवे अधिकारियों ने बाद में उस संकरे हिस्से से जुड़ी मुश्किलों के बारे में समझाया, जहां मौजूदा बुनियादी ढांचे की वजह से एक और रेलवे लाइन बिछाने के लिए बहुत कम जगह बची है।
हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि विस्तार को मंजूरी मिल गई है, लेकिन परियोजना की डिटेल फाइनल करने से पहले सर्वे और तकनीकी आकलन की जरूरत होगी। अब सर्वे के साथ समानांतर लाइन बिछानी होगी। इसमें कई चरण शामिल हैं। मुझे लगता है कि सबसे अच्छी खबर यह है कि गुवाहाटी को नक्शे में शामिल कर लिया गया है, लेकिन अभी बाकी डिटेल्स पर काम होना बाकी है।
हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि चूंकि यह (सिलीगुड़ी कॉरिडोर) केवल 22 किमी लंबा है, जहां पहले से ही सड़कें और रेलवे ट्रैक मौजूद हैं, और कुछ हिस्सों में तो यह सिर्फ 16 किमी ही है। इसलिए, इसे या तो जमीन के नीचे या फिर जमीन के ऊपर बनाना होगा। इन सभी डिटेल्स पर अभी काम किया जाना है। सीएम ने कहा कि वह अपनी अगली दिल्ली यात्रा के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलेंगे और इस प्रॉजेक्ट की तकनीकी अड़चनों पर चर्चा करेंगे।
रेल मंत्री से मिलूंगा
अगली बार जब मैं दिल्ली जाऊंगा, तो रेल मंत्री से मिलूंगा और पूरी जानकारी लूंगा। इसके अलावा, बुलेट ट्रेन मौजूदा रेल लाइनों पर नहीं चल सकती। इसके लिए एक अलग लाइन होनी चाहिए। इसलिए, यह एक बड़ा फैसला है और इसमें काफी निवेश होगा।













