ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने आइसोलेटेड कैटेगरी के 195 पदों पर भर्ती की सांकेतिक सूचना जारी कर दी है। इस भर्ती के ऑनलाइन आवेदन 5 नवंबर से शुरू हो गए। www.rrbapply.gov.in या rrb.indianrailways.gov.in पर जाकर एप्लाई करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर तय की गई है। इस भर्ती के तहत स्टेनोग्राफर, चीफ लॉ असिस्टेंट, जूनियर ट्रांसलेटर, स्टाफ एवं वेलफेयर इंस्पेक्टर, प्रयोगशाला सहायक, सीएमए और अन्य तकनीकी व लिपिकीय जैसे पदों पर भर्ती होती है। 4 नवंबर रात इस भर्ती का विस्तृत नोटिफिकेशन जारी हो गया जिसमें पदों का आरक्षण, जोनवाइज वैकेंसी और विस्तृत सिलेबस का अभ्यर्थी पता कर सकते हैं।
भर्ती में आयु सीमा 01 जनवरी 2027 से होगी। 7वें वेतनमान के मुताबिक लेवल-2 से लेवल-7 के पद होंगे।
सांकेतिक अधिसूचना में आधार सत्यापन एवं दस्तावेज निर्देश
आधार सत्यापन: अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करते समय आधार का उपयोग कर प्राथमिक विवरण सत्यापित करने की सलाह दी गई है, जिससे भर्ती प्रक्रिया के दौरान होने वाली असुविधा और देरी से बचा जा सके।
10वीं के सर्टिफिकेट से मिलान: आधार में दर्ज नाम एवं जन्म तिथि 10वीं कक्षा के पासिंग सर्टिफिकेट से 100 फीसदी मैच होनी चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर आवेदन से पहले आधार अपडेट करा लें।
आवेदन करने से पूर्व आधार में अपनी नवीनतम फोटो तथा बायोमेट्रिक्स (फिंगरप्रिंट एवं आइरिस) अपडेट करा लें। यह सूचना अभ्यर्थियों को अग्रिम जानकारी एवं दस्तावेज तैयार रखने के लिए जारी की गई है। पिछले साल रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड ने आइसोलेटेड कैटेगरी भर्ती 2025 के तहत 312 पदों पर वैकेंसी निकाली थी।













