ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। नीट यूजी पेपर लीक पर मचे बवाल के बाद एनटीए ने बड़े पैमाने पर बदलाव किए हैं। सरकार की परीक्षा एजेंसी ने 600 विषय विशेषज्ञों को हटाने के बाद 5000 से अधिक एक्सपर्ट्स का एक नया पैनल तैयार किया है। ये एक्सपर्ट्स नीट यूजी, जेईई मेन, यूजीसी नेट, सीयूईटी यूजी जैसे तमाम एनटीए परीक्षाओं के प्रश्न पत्र तैयार करने, अनुवाद करने, जांचने, मॉडरेशन, आंसर की वेरिफिकेशन, सिलेबस मैपिंग, रिसर्च, साइकोमेट्रिक वैलिडेशन और अन्य गोपनीय कार्य करेंगे। इन विशेषज्ञों में शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, प्रोफेशनल्स, शिक्षकों, अनुवादकों और मॉडरेटरों को शामिल किया है।
आपको बता दें कि इस साल मई में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी का पेपर लीक हो गया था जिसके चलते देश भर में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए और तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा था। एनटीए ने लगभग 600 विषय विशेषज्ञों को हटा दिया था। इसके अलावा एजेंसी ने अपना मुख्यालय दक्षिण-पूर्व दिल्ली के ओखला इलाके से हटाकर मिंटो रोड स्थित गवर्नमेंट ऑफ इंडिया प्रेस की इमारत में ट्रांसफर कर दिया है।
तीन साल के लिए पैनलिस्ट
मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक सुधारों के तहत एनटीए ने शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, शिक्षकों और अन्य लोगों से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) आमंत्रित किए हैं ताकि वे विषय विशेषज्ञों और अनुवादकों के तीन साल के पैनल में शामिल हो सकें। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाल से बताया गया है कि विषय विशेषज्ञों, मॉडरेटरों और अनुवादकों सहित 5000 से अधिक विशेषज्ञों को एनटीए के पैनल में जोड़ा गया है। सूत्रों ने कहा, ‘हम उन्हें नौकरी पर नहीं रख रहे हैं बल्कि कई स्तरों की जांच और सत्यापन के बाद उन्हें पैनल में शामिल किया जा रहा है। एनटीए परीक्षाएं आयोजित करने के लिए अपना एक बड़ा प्रश्न बैंक तैयार कर रहा है। यह प्रश्नों का एक ऐसा साझा पूल होगा जिससे पेपरनीट के लीक होने की संभावना को रोका जा सके। एनटीए ने अनुवादकों और विषय विशेषज्ञों को पैनल में शामिल करने के लिए कोई समय-सीमा तय नहीं की है। ईओआई की प्रक्रिया खुली रहेगी और पूरे साल विशेषज्ञों को पैनल में जोड़ा जाता रहेगा।’
पिछले महीने एनटीए ने एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की ओर से ट्रांसलेट की गई सामग्री की समीक्षा के लिए विषय विशेषज्ञों और अनुवादकों को पैनल में शामिल करने के लिए ईओआई आमंत्रित किया था। इस योजना का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि विषय विशेषज्ञ और अनुवादक जब प्रश्न पत्र तैयार करें, तो उन्हें यह पता न हो कि कौन सा प्रश्न पूछा जाएगा, या ये प्रश्न किस परीक्षा के लिए हैं।
बहुत बड़ा होगा प्रश्न बैंक, नहीं रख पाएंगे याद
सूत्रों के अनुसार प्रश्न बैंक इतना विशाल होगा कि प्रश्न पत्र तैयार करने वालों या अनुवादकों के लिए प्रश्नों को याद रखना और उन्हें दोबारा लिख पाना संभव नहीं होगा।
चार चरणों में होगी विशेषज्ञों की जांच
एनटीए के अधिकारियों के मुताबिक विषय विशेषज्ञों को पैनल में शामिल करने से पहले चार स्तरों पर जांच की जाती है
1.पहला चरण: आवेदक की व्यक्तिगत जानकारी, पात्रता, शैक्षणिक योग्यता और कार्य अनुभव की जांच की जाती है।
2.दूसरा चरण: सभी जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन किया जाता है।
3.तीसरा चरण: एनटीए की विषय विशेषज्ञ समिति आवेदक की शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध कार्य और प्रश्नपत्र तैयार करने के अनुभव का मूल्यांकन करती है।
4.चौथा चरण: आवेदक की पृष्ठभूमि की जांच की जाती है। यह भी देखा जाता है कि उसका किसी कोचिंग संस्थान से संबंध तो नहीं है या उसने छात्रों के लिए प्रश्न बैंक तैयार तो नहीं किया है।
अधिकारियों ने बताया कि केवल वे लोग ही शॉर्टलिस्ट किए जाते हैं जो इन चरणों को पार कर लेते हैं। अधिकारी ने कहा, एजेंसी ने यह भी तय किया है कि गोपनीय काम कैसे किया जाना चाहिए। पैनल में शामिल विशेषज्ञों को शामिल होते समय एक विस्तृत नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर करने होते हैं और हर नए काम की शुरुआत में उन्हें फिर से इसकी पुष्टि करनी होती है।













