नई दिल्ली। लंबे समय के बाद आखिकार सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने हेड कांस्टेबल (मिनिस्ट्रियल)-2020 भर्ती परीक्षा का कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना स्कोर चेक कर सकते हैं। बता दें कि इस भर्ती अभियान के तहत कुल 115 पदों पर भर्ती होनी है। सीबीटी टेस्ट में कुल 1725 उम्मीदवार सफल हुए हैं। अब ये उम्मीदवार अगले चरण यानी स्किल और टाइपिंग टेस्ट में हिस्सा लेंगे।
बता दें कि एसएसबी ने 2 नवंबर 2026 को भर्ती परीक्षा का रिजल्ट नोटिफिकेशन जारी किया। इसमें कैटेगरी के अनुसार कटऑफ मार्क्स, शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों की जानकारी और अगले चरण की परीक्षा का शेड्यूल दिया गया है।
7 जुलाई को आयोजित हुई थी परीक्षा
इस भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) का आयोजन 7 जुलाई 2026 को किया गया था। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार एसएसबी की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट recruitment.ssb.gov.in पर जाकर अपने लॉगिन क्रेडेंशियल की मदद से व्यक्तिगत स्कोर चेक कर सकते हैं।
ऐसे चेक करें रिजल्ट
रिजल्ट देखने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले https://recruitment. ssb.gov.in/ की वेबसाइट पर जाएं।
यहां आपको सीबीटी टेस्ट रिजल्ट का लिंक मिलेगा। इसके सामने पीडीएफ डाउनलोड के लिंक पर क्लिक करना है।
कुछ देर बाद आपका रिजल्ट पीडीएफ फॉर्मेट में डाउनलोड हो जाएगा।
फिर अपना नाम या रोल नंबर खोजकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
आगे क्या होगा
शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को अब स्किल और टाइपिंग टेस्ट में शामिल होना होगा। यह परीक्षा 16 और 18 नवंबर 2026 को देशभर में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा से संबंधित तारीख, रिपोर्टिंग टाइम और अन्य निर्देशों की जानकारी आधिकारिक एसएसबी द्वारा जारी नोटिफिकेशन से प्राप्त कर सकते हैं।
अंग्रेजी में 35 और हिंदी में 30 शब्द प्रति मिनट की स्पीड जरूरी
भर्ती के स्किल और टाइपिंग टेस्ट में उम्मीदवारों को कंप्यूटर पर निर्धारित टाइपिंग स्पीड हासिल करनी होगी। इसके लिए अंग्रेजी और हिंदी टाइपिंग की न्यूनतम स्पीड तय की गई है।
अंग्रेजी टाइपिंग: 35 शब्द प्रति मिनट
हिंदी टाइपिंग: 30 शब्द प्रति मिनट
टाइपिंग टेस्ट केवल क्वालिफाइंग नेचर का होगा। यानी इसमें उम्मीदवारों को कोई एक्स्ट्रा अंक नहीं दिए जाएंगे। हालांकि, आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए निर्धारित टाइपिंग स्पीड हासिल करना अनिवार्य है। जो उम्मीदवार तय मानक के अनुसार टाइपिंग नहीं कर पाएंगे, उन्हें सीबीटी में अच्छे अंक मिलने के बावजूद आगे की चयन प्रक्रिया के लिए योग्य नहीं माना जाएगा।
सीबीटी के अंकों से तैयार होगी फाइनल मेरिट लिस्ट
स्किल और टाइपिंग टेस्ट पास करने वाले उम्मीदवारों को भर्ती नियमों के अनुसार डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के प्रॉसेस से गुजरना होगा। भर्ती की फाइनल मेरिट लिस्ट सीबीटी में प्राप्त कुल अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी।
हालांकि, फाइनल चयन के लिए टाइपिंग टेस्ट क्वालिफाई करना और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन सहित अन्य जरूरी शर्तों को पूरा करना अनिवार्य होगा।













