ब्लिट्ज ब्यूरो
कानपुर। मेडिकल कॉलेज आईआईटी कानपुर में निर्माणाधीन 450 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल अप्रैल 2027 से शुरू हो जाएगा। इसके शुरू होने से कानपुर समेत आसपास के करीब दस जिलों के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दिल्ली और मुंबई की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध होंगे। वहीं, सत्र 2029 से संस्थान में एमबीबीएस और एमडी पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की योजना है। इसके साथ ही आईआईटी कानपुर इंजीनियरिंग के साथ मेडिकल की पढ़ाई कराने वाला देश का पहला आईआईटी बन जाएगा।
आईआईटी कानपुर के 67वें स्थापना दिवस पर संस्थान के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत में संस्थान की उपलब्धियों व भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया संस्थान में निर्माणाधीन गंगवाल स्कूल ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल लगभग तैयार है। इस वर्ष अधिक बारिश के कारण निर्माण कार्य में देरी हुई। इसके अलावा निर्माण कंपनियों के बीच आपसी विवाद भी विलंब की एक प्रमुख वजह रहा। अब अप्रैल 2027 में अस्पताल का विधिवत उद्घाटन कराने की योजना है।
अस्पताल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी और गैस्ट्रोएंटरोलॉजी समेत छह प्रमुख विशेषज्ञताओं में उच्चस्तरीय इलाज की सुविधा मिलेगी। यहां सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही सत्र 2027 से चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े गैर-क्लीनिकल और इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम भी शुरू होंगे। इनमें एमटेक और पीएचडी के कोर्स शामिल हैं।
लखनऊ के डेटा सेंटर की साइबर सुरक्षा करेगा आईआईटी
प्रदेश सरकार लखनऊ में एक डेटा सेंटर स्थापित कर रही है, जहां सरकारी विभागों का डेटा सुरक्षित रखा जाएगा। इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी आईआईटी कानपुर को सौंपी गई है। निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने बताया संस्थान ने साइबर सिक्योरिटी ऑपरेशंस सिस्टम विकसित किया है, जो साइबर हमलों से निपटने में सक्षम है।
आईआईटी – आईआईआईटी लखनऊ में बनेंगे यू-हब
प्रदेश सरकार डीपटेक स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए यू-हब स्थापित कर रही है। इसके तहत प्रदेश में दो सेंटर बनाए जाएंगे। पहला सेंटर आईआईटी कानपुर के नोएडा स्थित परिसर में और दूसरा लखनऊ स्थित आईआईआईटी (इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) में स्थापित होगा।
प्रो. अग्रवाल के मुताबिक, दोनों सेंटरों का उद्घाटन इसी माह होने की उम्मीद है। इनका मुख्य उद्देश्य डीपटेक क्षेत्र में काम करने वाले स्टार्टअप को प्रोत्साहन और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
आईआईटी कानपुर को देश का नंबर वन संस्थान बनाने के लिए ‘ग्रेटर दैन अस’ अभियान शुरू किया गया है। निदेशक ने बताया कि पहले चरण में विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे का विकास होगा।
दूसरे चरण में प्रतिभाशाली फैकल्टी को संस्थान से जोड़ा जाएगा और उन्हें शोध के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। तीसरे चरण में भविष्य की उभरती तकनीकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इनमें एआई, सेमीकंडक्टर, क्वांटम टेक्नोलॉजी, साइबर सिक्योरिटी जैसे क्षेत्र शामिल हैं।













