जमालपुर (मुंगेर)। देश की रफ्तार बढ़ाने वाली ट्रेनों के साथ अब जमालपुर भी कदमताल करेगा। भारतीय रेल यांत्रिक एवं विद्युत अभियंत्रण संस्थान (इरिमी) जमालपुर ने हाइस्पीड और आधुनिक रेल व्यवस्था के लिए तकनीकी तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए इरिमी ने आईआईटी खड़गपुर के साथ पांच वर्ष का रणनीतिक समझौता किया है।
दोनों संस्थान मिलकर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को वंदे भारत, एमईएमयू और आधुनिक ट्रेनसेट की विद्युत सुरक्षा, कर्षण प्रणाली और रखरखाव की अत्याधुनिक तकनीक में प्रशिक्षित करेंगे। यह पहल रेलवे की 160 किमी प्रति घंटे और उससे अधिक की रफ्तार वाली ट्रेनों के सुरक्षित संचालन की तैयारी को लेकर है।
इरिमी के महानिदेशक अनिमेष सिन्हा ने बताया कि पाठ्यक्रम का उद्देश्य आधुनिक और हाइस्पीड ट्रेनों के संचालन एवं रखरखाव के लिए रेलवे इंजीनियरों को उन्नत तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक प्रशिक्षण देना है। स्पीड अपग्रेड योजना के साथ बदलती तकनीकी जरूरतों को देखते हुए यह प्रशिक्षण रेलवे के तकनीकी मानव संसाधन को भविष्य के लिए तैयार करेगा।














