गुवाहाटी। भारत सरकार ने रिटायर आईपीएस अधिकारी अजीत लाल को भारत-नगा राजनीतिक बातचीत के लिए नया मध्यस्थ नियुक्त किया है। इस कदम से लंबे समय से चल रही शांति प्रक्रिया को नई गति मिल सकती है। बातचीत को आगे बढ़ाने की कोशिशों के तहत, बातचीत के ढांचे में किसी केंद्रीय मंत्री या केंद्रीय मंत्रियों के समूह को भी शामिल किए जाने की उम्मीद है। एनएससीएन (आईएम) ने इन घटनाक्रमों का स्वागत किया और इन्हें महत्वपूर्ण और उत्साहजनक बताया।
संगठन ने कहा कि यह कदम शांति प्रक्रिया को गंभीरता और तत्परता से आगे बढ़ाने के केंद्र सरकार के नए संकल्प को दर्शाते हैं। 1974 बैच के रिटायर आईपीएस अधिकारी और जॉइंट इंटेलिजेंस कमेटी (जेआईसी) के पूर्व चेयरमैन लाल को फरवरी 2026 में केंद्रीय गृह मंत्रालय का नॉर्थ-ईस्ट सलाहकार नियुक्त किया गया था।
‘राजनीतिक प्रक्रिया में तेजी आएगी’
एनएससीएन (आईएम) ने बातचीत में किसी केंद्रीय मंत्री या मंत्रियों को शामिल करने के प्रस्ताव का भी स्वागत किया। संगठन ने कहा कि इस कदम से राजनीतिक प्रक्रिया में तेजी आएगी और सम्मानजनक और स्थायी राजनीतिक समाधान की दिशा में गति मिलेगी। नगा समूह ने मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो के नेतृत्व वाली नगालैंड सरकार की शांति वार्ता में भागीदारी और सहयोग के लिए उसकी सराहना की। एनएससीएन (आईएम) ने कहा कि राज्य सरकार की भागीदारी से शांति प्रक्रिया को बनाए रखने और नागा लोगों की आकांक्षाओं को बातचीत के केंद्र में रखने में मदद मिली है।
नगा राजनीतिक मुद्दे पर बातचीत के अनुभवी
ग्रुप ने नगा लोगों का भी शुक्रिया अदा किया कि उन्होंने बातचीत करने वाली टीम और लीडरशिप का लगातार साथ दिया और एकजुटता दिखाई। अजीत लाल को केंद्र सरकार की ओर से नगा राजनीतिक मुद्दे पर बातचीत करने का पहले का अनुभव है। वह मार्च से जुलाई 2014 तक नागा शांति वार्ता के लिए वार्ताकार रहे थे।
कौन हैं अजीत लाल
अजीत लाल 1974 बैच के हिमाचल प्रदेश कैडर के रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी हैं। खबरों के मुताबिक, आरएस पांडे के इस्तीफे के बाद अजीत लाल ने वार्ताकार की जिम्मेदारियां संभाली थीं और तत्कालीन केंद्रीय गृह मंत्री ने इस पद के लिए उनकी सिफारिश की थी। बाद में प्रधानमंत्री कार्यालय ने आरएन रवि को वार्ताकार नियुक्त किया। अजीत लाल फरवरी 2026 में केंद्र की नॉर्थ-ईस्ट पॉलिसी फ्रेमवर्क में वापस आए, जब उन्हें गृह मंत्रालय में नॉर्थ-ईस्ट सलाहकार नियुक्त किया गया।













