नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने सीनियर पर्सनल असिस्टेंट (एसपीए) और पर्सनल असिस्टेंट (पीए) परीक्षा 2026 के लिए वैकेंसी नोटिस जारी कर दिया है। हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर यह नोटिस 5 सितंबर को जारी किया गया। भर्ती अभियान के तहत कुल 150 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें 117 पद सीनियर पर्सनल असिस्टेंट और 33 पद पर्सनल असिस्टेंट के हैं।
बता दें कि इन पदों के लिए 15 सितंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 5 अक्टूबर है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी।
बता दें कि अगर इस वैकेंसी से संबंधित चीजें विस्तार से पढ़ना चाहते हैं, तो आप आधिकारिक नोटिफिकेशन को अच्छी तरीके से पढ़ें।
महत्वपूर्ण तारीखें
नोटिफिकेशन जारी होने की तारीख- 5 सितंबर
ऑनलाइन आवेदन शुरू – 15 सितंबर
आवेदन की अंतिम तारीख – 5 अक्टूबर
आवेदन फॉर्म में सुधार करने की तारीख – 12 से 14 अक्टूबर 2026
आवेदन 15 सितंबर को सुबह 11 बजे से शुरू हो गया, जबकि आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम समय सीमा 5 अक्टूबर 2026 रात 11 बजे तक है। आवेदन में सुधार के लिए विंडो 12 अक्टूबर सुबह 11 बजे से 14 अक्टूबर रात 11 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
इस भर्ती के तहत कुल 150 ग्रुप-बी पद भरे जाएंगे।
पदों का विवरण इस प्रकार है:
सीनियर पर्सनल असिस्टेंट- 117
पर्सनल असिस्टेंट- 33
कुल- 150
सैलरी की बात करें, तो सीनियर पर्सनल असिस्टेंट का पद 7 वें केंद्रीय वेतन आयोग (7वां सीपीसी) के पे मैट्रिक्स लेवल-8 में है, जबकि पर्सनल असिस्टेंट का पद लेवल-7 में आता है।
सीनियर पर्सनल असिस्टेंट के लिए योग्यता
सीनियर पर्सनल असिस्टेंट पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए।
इसके अलावा अंग्रेजी शॉर्टहैंड में कम से कम 110 शब्द प्रति मिनट और कंप्यूटर पर अंग्रेजी टाइपिंग में कम से कम 40 शब्द प्रति मिनट की गति जरूरी है। उम्मीदवार को कंप्यूटर का अच्छा कार्यसाधक ज्ञान भी होना चाहिए।
पर्सनल असिस्टेंट के लिए योग्यता
पर्सनल असिस्टेंट पद के लिए भी उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना जरूरी है। इसके साथ अंग्रेजी शॉर्टहैंड में कम से कम 100 शब्द प्रति मिनट और कंप्यूटर पर अंग्रेजी टाइपिंग में 40 शब्द प्रति मिनट की गति निर्धारित की गई है। कंप्यूटर का अच्छा कार्यसाधक ज्ञान भी आवश्यक है।
उम्र कितनी होनी चाहिए?
उम्मीदवार की आयु 1 जनवरी 2026 को कम से कम 18 वर्ष और अधिकतम 32 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग समेत अन्य पात्र श्रेणियों के उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
आवेदन फीस: भर्ती के लिए आवेदन फीस भी निर्धारित किया गया है। नोटिफिकेशन के मुताबिक, सामान्य, ओबीसी-एनसीएल और ईडब्लूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 1500 रुपये है, जबकि एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए 1300 रुपये शुल्क निर्धारित है। आवेदन शुल्क के साथ लागू ट्रांजेक्शन चार्ज भी देना होगा।














