नई दिल्ली। बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) में करीब 1100 पदों पर भर्ती निकली है। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। यह भर्ती वेल्थ एग्जीक्यूटिव और क्रेडिट एनालिस्ट पदों के लिए की जा रही है। बता दें कि आवेदन प्रक्रिया 4 सितंबर से शुरू हो चुकी है और इच्छुक व योग्य उम्मीदवार 24 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते है।
इस भर्ती के तहत दो पदों पर कुल 1100 रिक्तियां हैं, जो इस प्रकार हैं-
पद का नाम – पदों की संख्या
वेल्थ एग्जीक्यूटिव – 1000
क्रेडिट एनालिस्ट- 100
बैंक ने कहा है कि अपनी आवश्यकता के अनुसार रिक्तियों की संख्या में बदलाव किया जा सकता है।
वेल्थ एग्जीक्यूटिव के लिए योग्यता
वेल्थ एग्जीक्यूटिव पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ ही उम्मीदवार के पास इंश्योरेंस इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से आईसी 38 सर्टिफिकेशन होना चाहिए। इसके अलावा, मैनेजमेंट में दो वर्षीय फुल-टाइम पोस्टग्रेजुएट डिग्री या डिप्लोमा और फाइनेंस, मार्केटिंग या बैंकिंग में एमबीए करने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
एक्सपीरियंस भी चाहिए
उम्मीदवार के पास भारत में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, निजी बैंक, विदेशी बैंक, ब्रोकिंग या सिक्योरिटीज फर्म, एसेट मैनेजमेंट कंपनी या वेल्थ मैनेजमेंट कंपनी में वेल्थ प्रोडक्ट्स की बिक्री का कम से कम दो साल का अनुभव भी होना चाहिए।
क्रेडिट एनालिस्ट के लिए योग्यता
क्रेडिट एनालिस्ट पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ चार्टर्ड अकाउंटेंट की योग्यता होनी चाहिए। इसके अलावा, किसी शिड्यूल्ड कॉमर्शियल बैंक में कम से कम एक वर्ष का बैंकिंग अनुभव अनिवार्य है। कॉरपोरेट क्रेडिट से संबंधित अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
आयु सीमा: वेल्थ एग्जीक्यूटिवः उम्मीदवार की आयु 22 से 32 वर्ष के बीच होनी चाहिए। क्रेडिट एनालिस्टः उम्मीदवार की आयु 21 से 33 वर्ष के बीच होनी चाहिए बता दें कि आयु सीमा की गणना 1 सितंबर के आधार पर की जाएगी।
कितनी मिलेगी सैलरी?
अब आते हैं कि इन दोनों पदों के लिए कितनी सैलरी मिलेगी। बता दें कि वेल्थ एग्जीक्यूटिव पद के लिए बेसिक पे स्केल 48480 रुपये से 85920 रुपये है। वहीं, क्रेडिट एनालिस्ट के लिए बेसिक पे स्केल 64820 रुपये से 93960 रुपये है।
12 महीने की होगी प्रोबेशन अवधि
बता दें कि जिन उम्मीदवारों का चयन होगा, उनकी प्रोबेशन अवधि ज्वाइनिंग की तारीख से 12 महीने की सक्रिय सेवा होगी। उम्मीदवारों को सर्विस बॉन्ड भी भरना होगा।
आवेदन फीस कितनी है?
जनरल, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी- 850 रुपये
एससी, एसटी, पीडब्लूबीडी, एक्स-सर्विसमैन और महिला उम्मीदवार 175 रुपये
आवेदन शुल्क: नॉन-रिफंडेबल है और इसका भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
कैसे करें आवेदन ?
1. उम्मीदवारों को सबसे पहले बैंक ऑफ बड़ौदा की वेबसाइट bankofbaroda.bank.in पर जाना होगा।
2. यहां Careers सेक्शन में जाकर करेंट अपोर्च्युनिटीज’ पर क्लिक करना होगा।
3. यहीं से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। आवेदन का कोई दूसरा तरीका स्वीकार नहीं किया जाएगा।
4. आवेदन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को फोटो, हस्ताक्षर, रिज्यूमे और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
5. इनमें शैक्षणिक योग्यता, जन्म तिथि, कार्य अनुभव और जरूरत के अनुसार श्रेणी से जुड़े दस्तावेज शामिल हैं।
6. फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारी अच्छी तरह जांच लें, क्योंकि सब्मिट करने के बाद इसमें बदलाव नहीं किया जा सकेगा।
7. आवेदन शुल्क का सफल भुगतान नहीं होने पर फॉर्म अधूरा या अमान्य माना जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवार अपना रजिस्टर्ड ईमेल और मोबाइल नंबर एक्टिव रखें, क्योंकि जरूरी जानकारी और कॉल लेटर इन्हीं माध्यमों से भेजे जा सकते हैं।














