ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। ईशान किशन के दोहरे शतक के दम पर भारत ने बांग्लादेश को तीसरे वनडे में 227 रन से हरा दिया। 3 मैचों की सीरीज तो 2-1 से बांग्लादेश के नाम रही, लेकिन तीसरे मैच में विराट और किशन ने मिलकर 17 रिकॉर्ड्स तोड़े। टीम इंडिया और बांग्लादेश ने भी इस दौरान कुछ रिकॉर्ड्स बनाए।
ये बने रिकॉर्ड
पहला ही शतक डबल सेंचुरी।
ईशान किशन ने 131 बॉल पर 210 रन बनाए। वनडे करियर के 10 मैचों में यह उनका पहला शतक था, जिसे उन्होंने डबल सेंचुरी में कन्वर्ट किया। वह ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने।
बांग्लादेश के खिलाफ पहला दोहरा शतक। ईशान ने बांग्लादेश के खिलाफ दोहरा शतक जड़ा। बांग्लादेश से पहले श्रीलंका-जिम्बाब्वे-वेस्टइंडीज के खिलाफ 2-2 और ऑस्ट्रेलिया-साउथ अफ्रीका के खिलाफ 1-1 दोहरे शतक लगे थे।
फास्टेस्ट डबल सेंचुरी : ईशान किशन ने 126 बॉल में डबल सेंचुरी पूरी की। इसके साथ ही उन्होंने वनडे इंटरनेशनल में सबसे तेज डबल सेंचुरी बनाने का रिकॉर्ड बनाया। उनसे पहले वेस्टइंडीज के क्रिस गेल ने 2015 के वनडे वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ 138 बॉल पर दोहरा शतक लगाया था।
सबसे युवा डबल सेंचुरियन : ईशान किशन ने 24 साल, 145 दिन की उम्र में 210 रनों की पारी खेली। इसी के साथ वह दोहरा शतक जड़ने वाले सबसे युवा इंटरनेशनल खिलाड़ी बने। उन्होंने भारत के ही रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा। रोहित ने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 26 साल 186 दिन की उम्र में 209 रनों की पारी खेली थी।
सबसे कम पारियों में दोहरा शतक : ईशान किशन ने अपने वनडे करियर की 9वीं पारी में ही डबल सेंचुरी मार दी। उनसे पहले पाकिस्तान के फखर जमान ने 16वीं पारी में डबल सेंचुरी जमाई थी। भारत के लिए रोहित शर्मा ने 103, वीरेंद्र सहवाग ने 234 और सचिन तेंदुलकर ने 431वीं पारी में दोहरा शतक लगाया था।
बांग्लादेश में पहला दोहरा शतक : बांग्लादेश की धरती पर ईशान एक पारी में 200 से ज्यादा का स्कोर बनाने वाले पहले खिलाड़ी बने।
फास्टेस्ट 150 : ईशान ने 103 बॉल में 150 रन पूरे किए। वह सबसे कम गेंदों में इस मुकाम तक पहुंचे। उनसे पहले वीरेंद्र सहवाग के नाम 112 बॉल में 150 रन बनाने का रिकॉर्ड है। साउथ अफ्रीका के एबी डिविलियर्स के नाम 16 बॉल में 50 और 31 बॉल में 100 रन बनाने का रिकॉर्ड है। भारत के रोहित शर्मा के नाम सबसे तेज 250 रन बनाने का रिकॉर्ड है।
35वें ओवर में ही दोहरा शतक : ईशान ने पारी के 35वें ओवर में ही दोहरा शतक पूरा कर लिया। ओवर के हिसाब से उन्होंने सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ा। सहवाग ने 2011 में 43.3 ओवर में वेस्टइंडीज के खिलाफ डबल सेंचुरी पूरी की थी। ईशान ने मैच के बाद कहा कि वह 300 रन बनाने की सोच रहे थे।
बाउंड्री से बनाए 156 रन : ईशान ने 210 रन की पारी में 24 चौके और 10 छक्के जड़े। इस तरह उन्होंने 156 रन बाउंड्री से ही बना डाले। वनडे की एक इनिंग में बाउंड्री से सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भारत के रोहित शर्मा के नाम हैं। उन्होंने 2014 में श्रीलंका के खिलाफ बाउंड्री से 186 रन बनाए थे।